Shahjahanpur News: 16 को होगा सामूहिक विवाह कार्यक्रम, 1810 आवेदन आए
संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
Updated Fri, 08 Dec 2023 12:32 AM IST
शाहजहांपुर। समाज कल्याण विभाग की ओर से सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन 16 दिसंबर को प्रस्तावित किया गया है। विभाग में इन दिनों आवेदनों के सत्यापन का कार्य चल रहा है।
समाज कल्याण विभाग को इस बार 1610 सामूहिक विवाह कराने का लक्ष्य दिया गया है। इसके सापेक्ष अब तक 1810 आवेदन आ चुके हैं। सीडीओ एसबी सिंह ने बताया कि सत्यापन में यह देखा जा रहा है कि लड़की की उम्र 18 वर्ष और लड़के की उम्र 21 वर्ष से कम न हो। लड़की के पिता की प्रति वर्ष आय दो लाख रुपये से कम होनी चाहिए। अगर 90 दिन के भीतर किसी की शादी हुई है तो वह भी आवेदन कर सकते हैं। एक शादी के लिए शासन की तरफ से 51 हजार रुपये का बजट रखा गया है। इसमें 35 हजार रुपये लड़की के खाते में भेजे जाएंगे। 10 हजार रुपये के उपहार दिए जाएंगे और छह हजार रुपये खाने का खर्च निर्धारित है।
शासन की ओर से 1610 शादियों का लक्ष्य दिया गया है। अब तक 1810 आवेदन आ चुके हैं। अधिकारियों की ओर से 16 दिसंबर की तारीख सामूहिक विवाह के लिए प्रस्तावित की गई है। आवेदनों का सत्यापन कार्य चल रहा है।
– वंदना सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी