शाहजहाँपुर

Shahjahanpur News: धूप निकलने से तीन डिग्री बढ़ा अधिकतम पारा, ठंड से अभी राहत नहीं

Connect News 24

संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर

Updated Thu, 04 Jan 2024 12:38 AM IST

Maximum mercury increased by three degrees due to sunshine, no respite from cold yet

सर्दी के मौसम में ट्रेन के इंतजार में बच्चे के साथ खड़ी महिलाएं। संवाद

शाहजहांपुर। न्यूनतम तापमान में गिरावट से बुधवार को सर्द रात काटनी मुश्किल हो गई। दोपहर में हल्की धूप निकली लेकिन कोई खास राहत नहीं मिली। हालांकि, धूप की वजह से अधिकतम तापमान में तीन डिग्री का उछाल आया है। मौसम विभाग के मुताबिक बृहस्पतिवार को धूप निकलने की संभावना कम है। कोहरा घना होने के साथ ही गलन भी बढ़ेगी।

गन्ना शोध संस्थान के मौसम वैज्ञानिक डॉ. मनमोहन सिंह ने बताया कि बुधवार को अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 5.7 डिग्री सेल्यियस दर्ज किया गया। कोहरे की वजह से दृश्यता 50 मीटर रही। जबकि मंगलवार को अधिकतम तापमान 13 डिग्री और न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री सेल्सियस रहा था। मंगलवार के मुकाबले बुधवार को अधिकतम तापमान में तीन डिग्री की वृद्धि हुई। जबकि न्यूनतम तापमान में 0.5 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान में गिरावट होगी, जबकि न्यूनतम तापमान लगभग बुधवार के आसपास ही रहेगा। कोहरा गिरने से दृश्यता कम होने की संभावना है। इसकी वजह से गलन भी बढ़ेगी।

कोहरा और पाला से आलू की फसल के लिए बढ़ा खतरा

कृषि विज्ञान केंद्र, नियामपुर के प्रभारी और कृषि वैज्ञानिक डॉ. एनसी त्रिपाठी ने बताया कि लगातार धूप नहीं निकलने और कोहरा व पाला गिरने से आलू में झुलसा रोग लगने का खतरा बढ़ गया है। इस मौसम में आलू के किसानों को काफी सावधानी बरतने की जरूरत है। आलू को झुलसा रोग से बचाने के लिए फफूंदीनाशक मैको जेव एक किलो पाउडर को दो सौ लीटर पानी में घोल कर फसल पर छिड़काव करें। फसल में जरूरत पड़ने पर सिंचाई करते रहें। इससे पौधों में नमी बनी रहेगी। सरसों और पत्तेदार सब्जियों में भी झुलसा रोग लगने की संभावना बढ़ जाती है। इसमें भी फफूंदीनाशक का छिड़काव करने की जरूरत है। गेहूं की फसल को इस मौसम से काफी लाभ मिल रहा है मगर सावधानी बरतने की जरूरत है।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button