Shahjahanpur News: बिजली संकट पर प्रभारी मंत्री ने नाराजगी जताई

कलेक्ट्रेट परिसर में प्रभारी मंत्री नरेंद्र कश्यप ने पौधरोपण किया।संवाद
शाहजहांपुर। पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार और जिले के प्रभारी मंत्री नरेंद्र कश्यप ने बिजली संकट को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने अधीक्षण अभियंता विद्युत को निर्देशित किया कि विद्युत आपूर्ति व्यवस्था में सुधार करें।
प्रभारी मंत्री की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में विकास कार्याें एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक हुई। प्रभारी मंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की समीक्षा करते हुए प्रगति के विषय में जानकारी ली। उन्होंने खनन अधिकारी को अवैध खनन रोकने के लिए निर्देशित किया।
समाज कल्याण विभाग में पेंशन घोटाले पर फिर घिरे प्रभारी मंत्री
प्रभारी मंत्री नरेंद्र कश्यप ने विकास भवन में पत्रकार वार्ता के दौरान विभागों की समीक्षा की जानकारी दी। प्रभारी मंत्री से एक बार फिर से समाज कल्याण विभाग में हुए वृद्धावस्था पेंशन घोटाले के बारे में पूछा गया। इस पर वह कोई उत्तर नहीं दे पाए। उनकी जगह पर डीएम उमेश प्रताप सिंह ने पूरे मामले की जानकारी दी। प्रभारी मंत्री ने एक सवाल के जवाब में कहा कि छुट्टा पशुओं की वजह से काफी दिक्कत हो रही। डेयरियों का गोबर नालियों में बहाया जाता है। इससे गंदगी होती है। इस व्यवस्था को ठीक कराने का उन्होंने आश्वासन दिया।
प्रभारी मंत्री ने पौधरोपण कर संरक्षण के दिए निर्देश
प्रभारी मंत्री नरेंद्र कश्यप ने पौधरोपण महाभियान के तहत कलक्ट्रेट परिसर में आम के पौधे लगाए। सांसद अरुण कुमार सागर, राज्यसभा सांसद मिथिलेश कुमार, डीएम उमेश प्रताप सिंह, एसपी अशोक कुमार मीणा, सीडीओ एसबी सिंह, एडीएम प्रशासन संजय कुमार पांडेय, डीएफओ प्रखर गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष केसी मिश्रा, महानगर अध्यक्ष अरुण कुमार गुप्ता, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष डीपीएस राठौर सहित अन्य अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों ने भी पौधरोपण किया। प्रभारी मंत्री ने आवास विकास स्थित आंबेडकर पार्क और गांव नागरपाल में पौधरोपण किया।
अफसरों ने जो दिखाया, वही देखकर चले गए मंत्री
शाहजहांपुर। जिले के प्रभारी मंत्री नरेंद्र कश्यप का सदर थाने का निरीक्षण मात्र औपचारिकता साबित हुआ। 20 मिनट में अधिकारियों ने जो दिखाया, वही देखकर अगले कार्यक्रम के लिए रवाना हो गए। दोपहर 2.28 बजे प्रभारी मंत्री का काफिला सदर थाने में पहुंचा। पुलिसकर्मियों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इसके बाद सीधे महिला हेल्प डेस्क पर पहुंचे। जहां महिला अपराध संबंधी जानकारी ली। अभिलेखों का जायजा भी लिया। फिर सीसीटीएनएस में गए। वहां कुछ देर तक जानकारी ली। वहां से सीधे इंस्पेक्टर रवींद्र सिंह के दफ्तर में गए। मंत्री ने कुछ घटनाओं का फीडबैक लिया। थाने के दफ्तर व अंदरूनी परिसर तक मंत्री नहीं गए। संवाद