शाहजहाँपुर

Shahjahanpur News: विदा नहीं कर रही मां, पुत्री ने लगाए गंभीर आरोप

Connect News 24

खुटार। एक गांव निवासी युवती ने अपनी मां पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। युवती के अनुसार, मां उससे वेश्यावृत्ति कराना चाहती है और ससुराल नहीं भेज रही है। युवती की बड़ी बहन के ससुर ने भी पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

युवती ने तहरीर में लिखा है कि उसकी शादी एक वर्ष पूर्व जनपद पीलीभीत के एक गांव में हुई है। शादी के बाद वह ससुराल गई थी। उसकी मां कुछ दिन बाद उसे मायके ले आई और अब ससुराल नहीं भेज रही। उसके पति जब भी विदा कराने आते हैं तो उसकी मां 50 हजार रुपये मांगने लगती हैं। पति के मना करने पर गाली-गलौज कर मारपीट पर आमादा हो जाती हैं। बेटी का आरोप है कि मां उससे वेश्यावृत्ति कराना चाहती है, जबकि वह अपने पति के साथ जाना चाहती है।

उधर, युवती की बड़ी बहन के ससुर ने भी पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया है कि उनके पुत्र की शादी तीन वर्ष पूर्व खुटार के एक गांव में हुई थी। बहू केवल एक बार ससुराल गई थी। इसके बाद से वह मायके में ही रह रही है। बहू की मां उसे ससुराल नहीं भेज रही है। उनसे भी 50 हजार रुपये देने पर विदा करने की बात कही जा रही है। बहू के सारे जेवर भी बहू की मां ने ही हड़प लिए हैं। विदा के लिए जाने पर बहू की मां झगड़ा करने लगती है। थाना प्रभारी ने बताया कि दो तहरीरें मिली हैं। महिला को बुलाने के लिए पुलिस भेजी गई थी, लेकिन वह घर पर नहीं मिली। बृहस्पतिवार को महिला को बुलाकर दोनों पक्षों की बात सुनकर कार्रवाई की जाएगी।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button