Shahjahanpur News: आज ही के दिन हुआ था नगर निकाय बोर्ड का गठन, मनाया जाएगा उत्सव

नगर निगम कार्यालय शाहजहांपुर
शाहजहांपुर। नगर निकाय शाहजहांपुर के बोर्ड का गठन एक नवंबर 1864 को हुआ था। इस दिन को उत्सव के रूप में मनाया जाएगा। इसको लेकर नगर निगम की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं। उत्सव के तहत नगर को सजाया जाएगा, साथ ही सप्ताह भर कार्यक्रमों का आयोजन होगा।
नगर आयुक्त संतोष कुमार शर्मा ने बताया कि यह पहली बार होगा जब नगर निकाय के बोर्ड गठन का सृजन दिवस (जन्म दिवस) को कार्यालय में केक काटकर मनाया जाएगा। इसके साथ ही विचार गोष्ठी होगी, जिसमें नगर निकाय की इतिहास से सभी को अवगत कराएंगे। बताया कि शासन की ओर से प्रदेश में नगरों के जन्मदिवस मनाने को लेकर निर्देश प्राप्त हुए हैं। जिसके तहत शहर के प्रमुख स्थानों जैसे ऐतिहासिक स्थलों, पार्कों आदि पर उत्सव का आयोजित होंगे। राष्ट्रगान, राष्ट्रगीत, ध्वजारोहण किया जाएगा। लोककला, साहित्य, संस्कृति को बढ़ावा देने वाले कार्यक्रम कराए जाएंगे। इसके साथ ही विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। नगर निकाय कर्मचारियों के लिए स्वास्थ्य शिविर का आयोजन होगा। शहर को सुंदर बनाने के लिए लेन पेंटिंग, साइनेज चिह्न, जंक्शन इंप्रूवमेंट, रोड साइड प्लांटेशन, वर्टिकल गार्डेन, बॉलपेंटिंग आदि भी कराई जाएगी। इतना ही नहीं कुछ स्थानों पर सजावट भी करवाई जाएगी। बताया कि नगर सृजन जन्म दिवस को मनाने के लिए समिति का गठन किया गया है, जिसमें अपर नगर आयुक्त एसके सिंह, सहायक नगर आयुक्त रश्मि भारती, मुख्य अभियंता एसके आंबेडकर, महाप्रबंधक जल सौरभ श्रीवास्तव, नगर स्वास्थ्य अधिकारी मनोज कुमार, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी राकेश कुमार सोनकर शामिल हैं। इनके अलावा स्वच्छ भारत मिशन के जिला कार्यक्रम प्रबंधक सैफ सिद्दीकी का भी सहयोग रहेगा।