Shahjahanpur News: ढोलक, डमरू और शंख ही नहीं तोप, त्रिशूल भी दिखेंगे चुनावी दंगल में
शाहजहांपुर। नगर निकाय चुनाव में शुक्रवार को चुनाव चिह्न आवंटन की प्रक्रिया पूरी हो गई। मेयर और पार्षद पद के सभी प्रत्याशियों ने चुनाव चिह्न मिलते ही अपना प्रचार अभियान तेज कर दिया है।
कलक्ट्रेट में चुनाव चिह्न आवंटन की प्रक्रिया शुक्रवार को दिन में 11 बजे से शुरू हुई। प्रत्याशी चुनाव चिह्न लेने के लिए संबंधित नामांकन कक्षों में पहुंचे। मेयर पद की भाजपा प्रत्याशी अर्चना वर्मा को कमल का फूल, सपा प्रत्याशी माला राठौर को साइकिल, बसपा प्रत्याशी शगुफ्ता अंजुम को साइकिल, कांग्रेस प्रत्याशी निकहत इकबाल को हाथ, आप प्रत्याशी सुमन वर्मा को झाड़ू, निर्दलीय प्रत्याशी जोहा इकबाल को सितारा और सुनीता यादव को गदा चुनाव चिह्न मिला है।
पार्षद पद के निर्दलीय प्रत्याशियों को ओखली, ढोलक, इमली, आम, ताला-चाबी, उगता सूरज, खजूर का पेड़, मुकुट, तोप, ड्रम, त्रिशूल, डमरू, घंटी और तराजू चुनाव निशान मिला है। चुनाव चिह्न मिलने के बाद प्रत्याशियों ने अपना प्रचार अभियान तेज कर दिया है। प्रचार सामग्री तैयार कराने के लिए भी ऑर्डर दे दिए हैं। कलक्ट्रेट में दोपहर तीन बजे तक प्रत्याशी चुनाव चिह्न लेने के लिए आते रहे।