Shahjahanpur News: केवल संस्कृति कर सकती है मनुष्य की आत्मा की गहराई नापने का कार्य

शाहजहांपुर के एसएस लॉ कॉलेज में आयोजित राष्ट्रीय शैक्षिक जागरूकता अभियान के समापन सत्र में बोलत
एसएस लॉ कॉलेज में राष्ट्रीय शैक्षिक जागरूकता अभियान का समापन
समापन सत्र को आरएसएस के प्रांत प्रचारक डॉ. हरीश रौतेला ने किया संबोधित
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहजहांपुर। एसएस लॉ कॉलेज में राष्ट्रीय शैक्षिक जागरूकता अभियान का सोमवार को समापन हो गया। समापन सत्र के मुख्य अतिथि आरएसएस के प्रांत प्रचारक डॉ. हरीश रौतेला ने कहा कि मनुष्य की आत्मा की गहराई को नापने का कार्य केवल संस्कृति ही कर सकती है। राष्ट्र निर्माण के लिए पश्चिम के देश भूमि तथा जन को ही महत्वपूर्ण मानते हैं, जबकि भारतीय परिवेश में राष्ट्र की संकल्पना भूमि तथा जन के साथ ही मातृभूमि के साथ भावनात्मक लगाव से है।
मुख्य वक्ता उच्च न्यायालय प्रयागराज के अपर मुख्य स्थायी अधिवक्ता डॉ. संतोष शुक्ला ने कहा कि हमारे यहां वैदिक काल से ही राष्ट्र की संकल्पना अस्तित्व में थी। भारत की राष्ट्रीय संकल्पना वसुधैव कुटुंबकम अर्थात एक परिवार की अवधारणा पर आधारित है।
विशिष्ट अतिथि अखिल भारतीय इतिहास संकलन योजना के संगठन मंत्री संजय मिश्रा ने कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय ने एकात्म मानववाद का जो दर्शन दुनिया को दिया वह उसने उस समय के पूंजीवादी एवं समाजवादी दर्शन के बीच सेतु का कार्य किया।
मुमुक्षु शिक्षा संकुल के अधिष्ठाता स्वामी चिन्मयानंद ने कहा कि विश्व की किसी संस्कृति में वह उदारता नहीं है, जो भारतीय संस्कृति में है। इस मौके पर जौनपुर में टीडी लॉ कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सूर्य प्रकाश सिंह मुन्ना, एसएस कॉलेज प्राचार्य आरके आजाद, उप प्राचार्य डॉ. अनुराग अग्रवाल, एसएस लॉ कॉलेज प्राचार्य डॉ. जयशंकर ओझा, डॉ. आलोक मिश्रा, डॉ. दीपक सिंह, ईशपाल सिंह, शशांक भाटिया, धर्मेंद्र, डॉ. अनिल कुमार शाह, डॉ. अमित कुमार यादव आदि मौजूद रहे।
पुस्तक का विमोचन और सम्मान
कार्यक्रम में एसएस कॉलेज में इतिहास विभाग के अध्यक्ष डॉ. विकास खुराना द्वारा लिखित पुस्तक शाहजहांपुर का इतिहास तथा विवेक विद्रोही की लिखी पुस्तक दामोदर स्वरूप विद्रोही समग्र का विमोचन हुआ। इसके साथ ही इतिहास विभाग के दो दिवसीय सेमिनार का समापन भी हुआ। संयोजक डाॅ. दीपक गुप्ता ने बताया कि दो दिन में 132 शोध पत्र पढ़े गए।
साहू राम स्वरूप महिला महाविद्यालय बरेली में इतिहास विभाग की अध्यक्ष डाॅ. सीमा गौतम, रुहेलखंड शोध संस्थान के अध्यक्ष डाॅ. प्रशांत अग्रिहोत्री, जनक सिंह सोशल कल्चरल एजुकेशनल सोसायटी बरेली के कोषाध्यक्ष धीरज रस्तोगी को प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिह्न व अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।

शाहजहांपुर के एसएस लॉ कॉलेज में आयोजित राष्ट्रीय शैक्षिक जागरूकता अभियान के समापन सत्र में बोलत