Shahjahanpur News: मैगलगंज के लिए ई-बसों का संचालन बंद

शाहजहांपुर में संचालित ई-बस। संवाद
शाहजहांपुर। मैगलगंज के लिए संचालित चार ई-बसों का संचालन बंद कर दिया गया है। इसका कारण टोल टैक्स पड़ने से बढ़ा खर्च बताया जा रहा है। वर्तमान में 25 ई-बसों का संचालन शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक किया जा रहा है।
गांधी जयंती पर शाहजहांपुर से मैगलगंज के लिए ई-बसों का संचालन शुरू किया गया था। बीसलपुर के लिए पहले से दो ई-बसें संचालित हैं। पिछले दिनों ही मैगलगंज में नया टोल टैक्स शुरू हो गया है जिससे इस रूट पर संचालित ई-बसों को रोजाना 2400 रुपये टोल टैक्स देना पड़ रहा था। डिपो प्रबंधक संदीप लाहा ने कहा कि टोल टैक्स में छूट मिलने पर दोबारा ई-बसों का संचालन इस रूट पर किया जाएगा।
इन स्थानों पर था ठहराव : मैगलगंज को जाने वाली ई-बसों का ठहराव रोजा, बनतारा, उचौलिया, जीबीगंज, जहानीखेड़ा और मैगलगंज में था। इस तरह जिले के ही नहीं पड़ोसी जिला लखीमपुर खीरी के यात्रियों को भी वातानुकूलित यात्रा का लाभ मिल रहा था। इनको अब रोडवेज बस या डग्गामार वाहनों का सहारा लेना पड़ रहा है।
शाहबाद तक पहले ही बंद हो चुका संचालन : ई-बसों का संचालन जिला हरदोई के निकाय शाहबाद तक भी किया गया था। इस रूट पर यात्री न मिलने के कारण ई-बसों का संचालन बंद कर दिया गया था। यात्रियों की संख्या कम होने का कारण इस रूट पर अनुबंधित बसों का संचालन अधिक होना बताया जा रहा है।