Shahjahanpur News: उस्मानबाग चौकी स्टाफ ने गालीगलौज कर डॉक्टर को पीटा, लोगों ने चौकी घेरी
शाहजहांपुर। थाना सदर बाजार क्षेत्र के मोहल्ला तारीन बहादुरगंज निवासी डॉ. विनीत पांडेय से उस्मानबाग चौकी इंचार्ज ने अभद्रता कर दी। आरोप है कि चौकी इंचार्ज के कहने पर सिपाही ने गालीगलौज करते हुए डॉक्टर की पिटाई कर दी। लोगों को पता चला तो हंगामा हो गया। नगर निगम के पांच वार्डों के पार्षदों के साथ मोहल्ले के तमाम लोगों ने चौकी का घेराव कर लिया। बाद में सदर इंस्पेक्टर ने कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को शांत किया।
डॉ. विनीत पांडेय पीएचसी भावलखेड़ा में दंत रोग विशेषज्ञ के पद पर कार्यरत हैं। वह बहादुरगंज के नवनिर्वाचित पार्षद अतुल दीक्षित बब्बू के भांजे हैं। उस्मानबाग चौकी के पीछे डॉ. विनीत का आवास है। शुक्रवार रात विनीत को अपनी बीमार भाभी को देखने के लिए जाना था। उन्होंने गैराज से अपनी कार निकालनी चाही तो गेट पर चौकी इंचार्ज की कार खड़ी थी। दो बाइकें भी गैराज के आगे खड़ी थीं।
डॉ. विनीत का कहना है कि उन्होंने चौकी इंजार्च से अपनी कार हटाने का अनुरोध किया तो वह भड़क गया। उसके साथ मौजूद कांस्टेबल रवि ने गालीगलौज करते हुए धक्का दिया और पिटाई कर दी। जान से मारने की धमकी भी दी। दूसरे सिपाही प्रवीण और दरोगा ने भी डॉ. विनीत से अभद्रता की। मामले की खबर लगने पर पार्षद अतुल दीक्षित मौके पर पहुंच गए। मोहल्ले के लोगों के साथ ही कई और पार्षद व वकील भी आ गए। सभी ने चौकी का घेराव कर लिया।
पुलिस से भीड़ की जमकर नोकझोंक हुई। मामले को तूल पकड़ता देख इंस्पेक्टर आरपी सिंह मौके पर पहुंचे और अधिवक्ताओं व पार्षदों से वार्ता की। इंस्पेक्टर ने सिपाहियों और चौकी इंचार्ज के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को शांत किया। डॉक्टर ने इस मामले में कार्रवाई के लिए सीओ को पत्र दिया है।
– चौकी स्टाफ ने मारपीट नहीं की। प्रार्थना पत्र मिला है, मामले की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी। – सुधीर जायसवाल, एसपी सिटी