Shahjahanpur News: कांवड़ियों को करंट से बचाने के लिए खंभों पर बांधी गईं पॉलिथीन

शाहजहांपुर में कांवड़ यात्रा के रूट के बिजली खंभों पर पॉलीथिन बांधते बिजली निगम के कर्मचारी
सावन माह को देखते हुए कांवड़ यात्रियों के रूट पर पावर कारपोरेशन ने उठाया कदम
यातायात पुलिस ने कांवड़ यात्रा को देखते हुए रूट डायवर्जन की खाका तैयार किया
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहजहांपुर। चार जुलाई से शुरू हो रहे सावन माह में निकलने वाली कांवड़ यात्रा के लिए पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। यातायात पुलिस के रूट डायवर्जन का खाका तैयार करने के बाद पावर कारपोरेशन ने कांवड़ियों के रूट पर पड़ने वाले बिजली के खंभों पर पॉलिथीन बांधना शुरू कर दी है। जिससे कांवड़ियों को करंट से बचाया जा सके।
बिजली निगम के अधिकारियाें ने खंभों को पॉलिथीन से कवर करने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद जेई संवर्ग ने काम शुरू कर दिया। बहादुरगंज उपकेंद्र के कर्मचारियाें ने खिरनीबाग से अंटा और अंजान चौकी होते हुए कच्चा कटरा रूट के पोल पर पॉलिथीन को बांधने का काम किया। इसी तरह अब्दुल्लागंज उपकेंद्र के रूट पर भी पॉलीथिन बांधी गई।
दूसरी ओर कांवड़ यात्रा को देखते हुए यातायात पुलिस ने भी रूट तय कर लिया। वाहन से आने वाले कांवड़ यात्री बरेली माेड़ से हरदोई चौराहा से तम्मी खां भट्ठा नया बाईपास से अटसलिया मोड़ से हथौड़ा चौराहे की ओर गुजारे जाएंगे। इसी तरह पैदल कांवड़ यात्री बरेली मोड़ से राजघाट, बरेली तिराहा, अंटा, सुदामा चौराहा, जीआईसी तिराहा होते हुए हथौड़ा होते हुए गोला के लिए प्रस्थान करेंगे। इसी तरह पैदल या छोटे वाहन से आने वाले कांवड़िए राजघाट, केरूंज होते हुए सदर बाजार चौराहा होते हुए मंदिर तक आते हैं।
–
सोमवार पर विशेष प्रबंध, शुक्रवार से होगा रूट डायवर्ट
सावन माह में सोमवार पर होने वाले जलाभिषेक को देखते हुए प्रत्येक शुक्रवार की शाम आठ बजे से सोमवार की रात दस बजे तक रूट डायवर्ट रहेगा। इसमें चौक कोतवाली क्षेत्र में लखनऊ से आने वाले वाहनों को तिलहर होते हुए कटरा भेजा जाएगा। इसी तरह लखनऊ की ओर आने वाले वाहन अजीजगंज चौकी से गुजरने के बाद कटरा चौराहे से बरेली की ओर जाएंगे।
कटरा चौराहा से जलालाबाद की ओर भारी वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। निगोही में पीलीभीत की ओर से आने वाले भारी वाहन हमजापुर चौराहा से पुवायां की ओर जाएंगे। अल्हागंज में हुल्लापुर चौराहे से हरदोई की थाना पाली की पुलिस चौकी रुपापुर की ओर भारी वाहनाें पर प्रतिबंध रहेगा। सीओ यातायात जगदीश लाल टम्टा ने बताया कि रोडवेज बस व छोटे वाहनों के लिए खाका तैयार कर लिया।कांवड़ यात्रा के रूट पर वाहनों को नहीं जाने दिया जाएगा।
–
पीस कमेटी की बैठक का आयोजन
मिर्जापुर। थाने में आयोजित पीस कमेटी की बैठक में सीओ अजय कुमार राय ने कहा कि सावन के महीने में कांवड़ यात्रा को सभी सम्भ्रांत लोग अपने अपने क्षेत्र से शांतिपूर्ण निकलने में सहयोग करें। यदि किसी को कोई समस्या हो तो तुरंत पुलिस को सूचना दें।
बैठक में आयुष प्रताप सिंह विभु, कौशलेंद्र सिंह, अखिलेश गुप्ता, सूर्यप्रताप सिंह, मुदित त्रिवेदी आदि मौजूद रहे। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार तोमर ने सभी से शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस के सहयोग की अपील की। संवाद

