शाहजहाँपुर

Shahjahanpur News: शुद्ध किया जाएगा रामताल का पानी, बंद होंगे दो नाले

Connect News 24

Ramtal water will be purified, two drains will be closed...

रामताल का निरिक्षण करते जितिन प्रसाद। संवाद

जलालाबाद। मोहल्ला खेड़ा में भगवान परशुराम मंदिर के सामने धार्मिक महत्व से जुड़े रामताल को अमृत सरोवर योजना में शामिल कर इसका कायाकल्प किया जाएगा। इसको लेकर लोक निर्माण विभाग के मंत्री जितिन प्रसाद ने मुख्य सचिव दुर्गाशंकर मिश्र और पर्यटन सचिव से वार्ता की। रामताल के क्षेत्रफल सहित इससे संबंधित अन्य कागजात उपलब्ध कराने के निर्देश नगर पालिका के ईओ को दिए।

मंगलवार को स्वच्छता अभियान में भाग लेने के बाद मंदिर प्रांगण में हुई सभा में पीडब्ल्यूडी मंत्री ने कहा कि मुख्य सचिव के साथ हुई बैठक के बाद रामताल को अमृत सरोवर योजना में शामिल करके जरूरी कार्यवाही पूर्ण करने के निर्देश पर्यटन सचिव को दिए गए हैं। मुख्यमंत्री से भी जल्द ही इस कार्य का अनुमोदन ले लिया जाएगा। सबसे पहले तालाब के पानी को शुद्ध किया जाएगा। इसमें गिरने वाले दोनों नाले बंद कराए जाएंगे। परशुराम की यह जन्मभूमि पर्यटन के नक्शे पर आए और इसका पूरा विकास हो, इसके प्रयास जारी हैं। इससे पूर्व उन्होंने विधायक हरिप्रकाश वर्मा समेत अन्य पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ रामताल का निरीक्षण किया। ईओ एचएन उपाध्याय ने बताया कि जल निगम की संस्था कंस्ट्रक्शन एंड डिजाइन सर्विसेज (सीएंडडीएस) द्वारा रामताल के कागजात उपलब्ध कराने के लिए कहा गया है। पांच एकड़ के रकबे तक के तालाब में नगर पालिका कार्य करा सकती है। रामताल का रकबा करीब 15 एकड़ का है, इसलिए इसके सुंदरीकरण का कार्य जल निगम की संस्था कराएगी।

मंदिर में वॉल पेंटिंग की, स्वच्छता अभियान चलाया

मंगलवार दोपहर यहां पहुंचे लोक निर्माण मंत्री जितिन प्रसाद ने स्वच्छता का संदेश देते हुए विधायक हरिप्रकाश वर्मा के साथ भगवान परशुराम मंदिर पर सफाई अभियान चलाया। उन्होंने रामताल किनारे वॉलपेंटिंग की। परशुराम मंदिर के आसपास स्थल पर पोंछा लगाया। मंदिर के अंदर और बाहर लगे शीशों की सफाई की। महंत सत्यदेव पांडेय ने जितिन प्रसाद, विधायक व उनके समर्थकों को पूजा-अर्चना कराई। कार्यक्रम में कौशल मिश्रा, विनीत मिश्रा, भूपेंद्र सिंह, अवधेश दीक्षित, चेयरमैन शकील खां, गोपाल मोहन द्विवेदी, अमित सिंह, ब्लाॅक प्रमुख प्रियांशु रघुवंशी, वीरेंद्र सिंह, रामू अग्निहोत्री, सुधीर गुप्ता, धर्मजीत प्रताप सिंह, प्रदीप मिश्रा, आलोक प्रताप सिंह, मोती मिश्रा, एसडीएम रविंद्र कुमार आदि मौजूद रहे।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button