शाहजहाँपुर

Shahjahanpur News: प्रधानमंत्री आवास में गड़बड़ी पर सचिव को रिकवरी का नोटिस

Connect News 24

संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर

Updated Wed, 18 Oct 2023 12:52 AM IST

सिंधौली। जिला स्तरीय जांच के दौरान ग्राम पंचायत लखराम में पंचायत सचिव और प्रधान की ओर से दो अपात्रों को प्रधानमंत्री आवास का लाभ देने का खुलासा होने पर बीडीओ ने 2.30 लाख रुपये की रिकवरी का नोटिस जारी किया है।

ग्राम पंचायत लखराम में उच्चाधिकारियों के निर्देश पर जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी ने वर्ष 2022-23 में गांव में आवंटित किए गए 26 प्रधानमंत्री आवासों का बीते माह धरातलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान लाभार्थी संगीता पत्नी राकेश और रचना पत्नी अरविंद को अपात्र पाया गया। मौके पर दोनों लाभार्थियों के आवास निर्माण पूरी स्थिति में थे। आवास के लिए स्वीकृत धनराशि 1.20 लाख संगीता और 1.10 लाख रचना की ओर से निकालकर उपभोग कर ली गई थी। जांच अधिकारी की रिपोर्ट पर परियोजना निदेशक ने ग्राम प्रधान ब्रजेश कुमार सहित पंचायत सचिव मोहम्मद इलियास को नोटिस जारी कर जवाब मांगा। सचिव के जवाब से असंतुष्ट अधिकारियों ने बीडीओ सिंधौली संजीव कुमार को अग्रिम कार्रवाई के लिए निर्देशित किया। जिसके बाद बीडीओ संजीव कुमार ने पंचायत सचिव मोहम्मद इलियास को पत्र जारी कर तीन कार्य दिवसों के भीतर दोनों लाभार्थियों के नाम जारी 2.30 लाख रुपये सरकारी खाते में जमा कराने के निर्देश दिए। बीडीओ ने अन्यथा की स्थिति में यह पैसा उनके वेतन से वसूलने की चेतावनी दी है। ग्राम प्रधान ब्रजेश कुमार ने बताया कि दोनों लाभार्थियों का पीएम आवास के लिए चयन सही तरीके से किया गया था। जांच के दौरान कुछ गलतफहमी रही है। प्रोन्नत होकर मिर्जापुर ब्लाक में एडीओ आईएसबी के पद पर तीन दिन पूर्व ज्वाइन कर चुके निवर्तमान पंचायत सचिव मोहम्मद इलियास ने बताया कि दोनों लाभार्थी पात्र हैं। कोई अनियमितता नहीं बरती गई है। तत्कालीन बीडीओ के समय उन्होंने परियोजना निदेशक के नोटिस का जवाब दे दिया था।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button