Shahjahanpur News: सीसीटीवी में नजर आई लाल रंग की कार, पुलिस तलाश में जुटी
शाहजहांपुर। टाई व कॉपी लेकर घर लौट रहे थाना सदर बाजार क्षेत्र के गांव मऊबासक निवासी धर्मवीर के 15 वर्षीय पुत्र शिवनंदन को कुचलने वाली लाल रंग की कार डाकघर से होते हुए कचहरी की ओर भागी थी। हादसे के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को खंगाला। उसमें नंबर स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस कार को तलाशने में जुटी है।
शिवनंदन ओसीएफ इंटर कॉलेज में कक्षा नौ का छात्र था। रविवार को अपने चचेरे भाई हरिनंदन के साथ शहर से टाई व कापी लेने गया था। शाम करीब साढ़े पांच बजे लौटते समय जीएफ कॉलेज व एसपी आवास के बीच तिराहे पर लाल रंग की कार ने शिवनंदन को कुचल दिया। इसके बाद कार तेज रफ्तार कॉलेज के सामने होते हुए कचहरी की ओर चली गई थी। परिजनों के अनुसार, कार लोदीपुर की तरफ गई है। कार में दो युवक बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद पुलिस ने कार की तलाश की। सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए। पुलिस को कैमरों में कार नजर आ रही है, लेकिन नंबर स्पष्ट नहीं हो रहा। पुलिस ने उसी रूट के अन्य जगहों के कैमरे भी तलाश किए हैं। थाना प्रभारी रवींद्र सिंह ने बताया कि तहरीर आने पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। कार की तलाश की जा रही है।
कार दौड़ाकर स्टंट करते थे युवक
परिजनों ने बताया कि जिस कार से हरिनंदन को कुचला गया है, वह कार आए दिन कैंट में नजर आती थी। कार को युवक तेज रफ्तार में दौड़ाने के साथ स्टंट भी करते थे।