Shahjahanpur News: 11 घरों से लाखों की चोरी, पुलिस ने नहीं लिखी रिपोर्ट
मिर्जापुर। थाना क्षेत्र के ग्राम उदयपुर-भूड़ा और नगला पिपरिया में मंगलवार रात 11 चोरियों के मामले में अभी तक रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है। चोरियों का पता लगाने के लिए टीम गठित कर दी गई है। चोरों का कोई सुराग नहीं लगा है।
थाना क्षेत्र के ग्राम उदयपुर भूड़ा में मंगलवार की रात मुस्तकीम, वसीम, पूर्व प्रधान अब्दुल सऊद, दिलदार व मजरा भूड़ा के तौफीक, अन्नी और पड़ोसी ग्राम नगला पिपरिया में अरविंद कुमार सिंह, शारदा बख्श, सतीश, करन सिंह व चेतराम के मकानों के ताले काटकर लाखों की चोरियों हुई थी। पीड़ितों ने थाने में तहरीर दी है, लेकिन अभी तक किसी पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। इसी तरह पुलिस ने छह नवंबर को ग्राम सिकंदरपुर कायस्थान में सात चोरियों की घटनाओं की रिपोर्ट दर्ज नहीं की थी।
चोरियों की सुरागरसी के लिए पुलिस टीम का गठन किया गया है। कई स्थानों पर दबिश भी दी गई। पूर्व प्रधान अब्दुल सऊद खां समेत कई ग्रामीणों ने गांवों में रहकर मांगने खाने वाले खानाबदोषों और फेरी लगाकर सामान बेचने वालों पर संदेह व्यक्त किया है।
पुलिस का गश्त बढ़ाने का दावा
-11 मकानों से चोरियों होने के बाद पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ा हो गया है। हालांकि, थाना प्रभारी ने गश्त बढ़ाने का दावा किया है।
-बंद मकानों के ताले तोड़ने वालों के लिए टीम का गठन किया गया। कई जगह पर दबिश भी दी गई। जल्द ही घटनाओं का खुलासा होगा।
संजीव वाजपेयी, एसपी देहात