Shahjahanpur News: चार मकान से हजारों रुपये की चोरी
शाहजहांपुर। रोजा थाना क्षेत्र के गांव पिंग रामपुर निवासी प्रदुम्न के मकान में नकब लगाकर चोरों ने नकदी समेत हजारों रुपये का माल चोरी कर लिया। पीड़ित ने रिपोर्ट दर्ज कराने को थाने में तहरीर दी है।
गांव के वीरू सिंह के निधन के बाद उनके मकान में दामाद प्रदुम्न रहने लगे थे। पीड़ित ने तहरीर देकर बताया कि रात में परिवार के सभी सदस्य आंगन में सो रहे थे। तभी चोरों ने कमरे में नकब लगाकर अंदर प्रवेश कर दिया। चोर 40 हजार रुपये, एक जोड़ी कुंडल, झुमकी आदि चोरी कर ले गए। सुबह जाग होने पर चोरी की जानकारी हुई। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जलालाबाद। गांव नौगवां में चोरों ने तीन बंद मकानों के ताले तोड़कर 19 हजार की नकदी समेत हजारों के बर्तन व घरेलू कपड़े चोरी कर लिया। पुलिस ने घटना की जानकारी से इन्कार किया है।
गांव के रामलखन के बहू-बेटे रिश्तेदारी में गए थे। रात को खाना खाने के बाद घर पर ताला डालकर वह खेतों की रखवाली करने के लिए चले गए। किसी समय चोर घर का ताला तोड़कर बक्से में रखी 15 हजार की नकदी, बर्तन व कपड़े आदि लेकर भाग गए।
चोरों ने दूसरा ताला इन्ही के पड़ोसी अतुल के घर का तोड़ दिया, परन्तु उस घर में कोई सामान आदि नहीं ले जा सके। अतुल पास के ही अपने दूसरे मकान में सोए हुए थे। वहीं सामान व कपड़े आदि रखे थे। इसके अलावा चोरों ने इसी घर के पास रहने वाली राजेश्वरी पत्नी केसरी के घर के ताले तोड़कर चार हजार रुपये व बर्तन व कपड़े आदि चोरी कर लिए।
राजेश्वरी के अनुसार, पति की मौत के बाद उसने अपनी इकलौती बेटी की शादी कर दी। घर में किसी के नहीं होने के कारण काफी समय से वह रात में घर में ताला डालकर अपने भतीजे अमर सिंह के घर में सोती हैं।