शाहजहाँपुर

Shahjahanpur News: तीन आरोपी गए जेल, सीसीटीवी फुटेज से पहचाने जाएंगे संघ कार्यालय के हमलावर

Connect News 24

शाहजहांपुर। दो अगस्त की रात टाउन हाल स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यालय पर युवकों को लघुशंका करने से मना करने पर हुए विवाद के बाद पुलिस ने पिता और उसके दो पुत्रों को न्यायालय के सामने पेश किया। जहां से तीनों को जेल भेज दिया गया। पुलिस ने अन्य आरोपियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज, वीडियो व फोटो जुटाए हैं। इसी के आधार पर विवेचना में नाम शामिल कर कार्रवाई की जाएगी।आरएसएस कार्यालय के चैनल के पास रात करीब 10:40 बजे लघुशंका करने से मना करने के बाद विवाद हो गया था। युवकों ने कार्यालय पर हमला करते हुए पथराव, तोड़फोड़ करते हुए प्रचारकों से मारपीट की थी। इस बीच संघ के कार्यकर्ता और पुलिस पहुंच गई थी। कार्यकर्ताओं ने पुलिस पर आरोपियों को अपने सामने भगाने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया था।

मामले में विभाग कार्यवाह रवि मिश्रा की तहरीर पर कटिया टोला निवासी मुकेश गुप्ता, उनके पुत्र शिवांक गुप्ता व शशांक गुप्ता के अलावा अमन गुप्ता व शेखर को नामजद करते हुए 40 से 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने मुकेश व उनके दो पुत्रों को गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार को तीनों को जेल भेज दिया गया।

इंस्पेक्टर सदर रवींद्र सिंह ने बताया कि नामजद अमन व शेखर की गिरफ्तारी के लिए थाने की कई टीमें दबिश दे रहीं हैं। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। दूसरी ओर पुलिस ने अन्य अज्ञात हमलावरों की पहचान के लिए फोटो, वीडियो व सीसीटीवी फुटेज को एकत्र किया है। पुलिस को कई वीडियो भी मिले हैं, जिनके आधार पर हमलावरों की पहचान कराने का प्रयास शुरू कर दिया गया।

एसपी ने कार्रवाई की बात से किया इन्कार

आरएसएस कार्यालय पर हमले के बाद हिंदूवादी संगठनों ने पुलिस के अफसरों पर मूकदर्शक बने रहने व हमलावरों को भगाने का आरोप लगाया था। शुक्रवार को चर्चा थी कि शासन स्तर से अधिकारियों पर कार्रवाई के लिए पत्र भेजा गया। पुलिस लाइंस में पत्रकारों ने एसपी से कार्रवाई के संबंध में सवाल किया तो उन्होंने इन्कार कर दिया।

तीन आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। दो की तलाश की जा रही है। मामले की विवेचना चल रही है, जो नाम सामने आते जाएंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई होगी।

– सुधीर जायसवाल, एसपी सिटी


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button