Shahjahanpur News: रंजिश में तहेरे भाइयों ने किसान को पीटकर मार डाला

मृतक रामशंकर का फाइल फोटो। परिवार
मिर्जापुर। थाना क्षेत्र के गांव कांकड़ कठा निवासी रामशंकर राठौर (45) को बृहस्पतिवार की सुबह तहेरे भाइयों ने लाठी से पीटकर घायल कर दिया। सीएचसी में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
फर्रुखाबाद जिले की सीमा पर स्थित ग्राम निवासी किसान रामशंकर के धान के खेत में तहेरे भाई हरवीर की भैंस चली गई थी। इसके चलते खेत में काफी नुकसान हुआ था। विरोध करने पर हरवीर और उसके भाई मारने-पीटने पर आमादा हो गए थे। लोगों के बीच-बचाव करने पर मामला शांत हो गया। विवाद की सूचना थाने पर नहीं दी गई थी।
बृहस्पतिवार को रामशंकर अपने घर के बाहर चारपाई पर लेटे सो रहे थे। तभी हरवीर अपने भाइयों ऋषि कुमार, वीर कुमार और नीरज के साथ लाठी लेकर पहुंचा और उन्हें पीटना शुरू कर दिया। हमलावरों ने उन्हें पीट-पीटकर बेदम कर दिया और भाग गए। शोरगुल सुनकर पत्नी मालती, पुत्र प्रेमचन्द्र, शैलेश और रत्नेश घर से बाहर आए तो रामशंकर बेहोश मिले। लाठियों से उनकी पसली और पैर में गंभीर चोट आई थी। परिजन उन्हें लेकर जरियनपुर सीएचसी ले गए। जहां से राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर करने की तैयारी थी, लेकिन उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
चारपाई पर सो रहे रामशंकर पर टूट
पड़े हमलावर, अपनों ने बहा दिया खून
खेत में भैंस जाने की मामूली बात पर हुए विवाद ने बड़ा रूप ले लिया। तहेरे भाइयों ने रामशंकर से रंजिश मानते हुए उसे सबक सिखाने की ठान ली थी। बृहस्पतिवार को अकेला देखकर हरवीर ने अपने भाइयों के साथ घेर लिया और लाठियां बरसाना शुरू कर दिया। वह तब तक लाठी से पीटते रहे, जब तक रामशंकर बेदम नहीं हो गए। इस बीच परिजनों के आने पर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। एसपी देहात संजीव कुमार वाजपेयी ने बताया कि मृतक के चचेरे भाई धर्मेंद्र कुमार की तहरीर पर चार सगे भाइयों हरवीर, ऋषि कुमार, वीर कुमार और नीरज के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
बिलख पड़ी मालती
रामशंकर की मौत के बाद मालती का रो-रोकर बुरा हाल है। उसका पुत्र प्रेमचंद्र, शैलेश और रत्नेश व बेटी राखी, पूनम के भी आंसू नहीं थम रहे हैं।
तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया। आरोपियों की गिरफ्तारी को तीन टीमें बनाई गईं हैं। पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
– संजीव कुमार वाजपेयी, एसपी देहात