Shahjahanpur News: आज डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, सात मई को आएंगे सीएम योगी
– पहले चरण का प्रचार समाप्त होने के बाद शुरू होगा स्टार प्रचारकों के आने का सिलसिला
– ब्रजेश पाठक गांधी भवन में सम्मेलन को संबोधित करेंगे, नरेश उत्तम वकीलों से करेंगे मुलाकात
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहजहांपुर। नगर निकाय चुनाव के प्रथम चरण का मतदान खत्म होते ही दूसरे चरण के लिए स्टार वार शुरू होने जा रहा है। नगर निगम के वोटरों को साधने के लिए भाजपा व सपा के वरिष्ठ नेताओं के आने का सिलसिला पांच मई से शुरू होगा। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक व सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल के आने का कार्यक्रम फाइनल हो गया है। वहीं सात मई को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जनसभा करेंगे।
पहली बार होने वाले महापौर के चुनाव को लेकर सभी पार्टियां जोर लगा रहीं हैं। गली-मोहल्लों में जनसंपर्क से लेकर बैठकें हो रहीं हैं। पहले चरण का मतदान बुधवार को हो गया। इसके बाद सभी पार्टियों का ध्यान दूसरे चरण में होने वाले चुनाव पर होगा। भाजपा के जिलाध्यक्ष केसी मिश्रा ने बताया कि पांच मई को डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक गांधी भवन में कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। वह जीत का मंत्र भी देंगे।
सात मई को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आने का कार्यक्रम है। वहीं दूसरी ओर सपा जिलाध्यक्ष तनवीर खां ने बताया कि पांच मई को प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल आएंगे। वह मोहल्ला बिजलीपुरा स्थित सपा कार्यालय पर पार्टी नेताओं से मुलाकात करेंगे। इसके बाद कचहरी में वकीलों के साथ बैठक करेंगे।
पुलिस लाइन में उतरेगा हेलिकॉप्टर
शुक्रवार को अपरान्ह करीब तीन बजे डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक का हेलिकॉप्टर पुलिस लाइन में उतरेगा। महानगर अध्यक्ष अरुण गुप्ता ने बताया कि वहां से सड़क मार्ग से गांधी भवन लाया जाएगा। बृहस्पतिवार को गांधी भवन में पूरे दिन कार्यक्रम को लेकर तैयारियां चलती रहीं।