Shahjahanpur News: घने कोहरे में खाई में पलटी ट्रैक्टर-ट्रॉली, दो की मौत

नरवीर का फाइल फोटो। स्रोत-परिजन
जलालाबाद। मंडी से आलू बेचकर लौटते समय घने कोहरे में अनियंत्रित हुई ट्रैक्टर-ट्रॉली मिर्जापुर जाने वाले मार्ग पर कोलाघाट पुल से पहले गांव रैपुरा की पुलिया के पास करीब 15 फुट गहराई में जा गिरी। हादसे में फर्रुखाबाद जिले के थाना अमृतपुर के गांव चपरा निवासी चालक नरवीर (27) और उनके सहयोगी नीरज (38) की मौत हो गई।
शुक्रवार को नरवीर अपने गांव के ही नीरज के साथ ट्रैक्टर-ट्राॅली में आलू लादकर उसे बेचने जलालाबाद मंडी आए थे, क्योंकि आलू की मंडी रात में संचालित होती है। इस कारण यह दोनों शाम को मंडी पहुंचे और बिक्री के बाद रात करीब नौ बजे घर वापस लौट रहे थे। बताते हैं कि रैपुरा पुलिया के पास कोहरे के कारण ब्रेकर दिखाई नहीं दिए। इस कारण ट्रैक्टर उछलकर अनियंत्रित होकर मार्ग के साइड में पटरी पर पहुंच गया। किनारे की मिट्टी धंसी होने से वह पुलिया के पास खाई में जा गिरे। कुछ देर बाद वहां से निकले डायल 112 के सिपाहियों को हादसे की जानकारी हुई। सूचना पर इंस्पेक्टर हरिपाल सिंह बालियान पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। नरवीर ट्रैक्टर के नीचे दबे थे। नीरज कुछ दूरी पर पड़े थे। पुलिस ने दोनों को सीएचसी पर भेजा जहां डॉक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
हादसे से बिखरे दो परिवार
-नरवीर पांच भाइयों में सबसे बड़े थे। उनके परिवार में पत्नी गीता देवी के अलावा दो बेटा और दो बेटियां हैं। नीरज के घर में पत्नी माला देवी के अलावा पांच बेटियां और तीन बेटे हैं। नीरज मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। हादसे की खबर मिलने पर दोनों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिजनों के अनुसार, उनका गांव आधा फर्रुखाबाद व आधा शाहजहांपुर में आता है।

नरवीर का फाइल फोटो। स्रोत-परिजन

नरवीर का फाइल फोटो। स्रोत-परिजन

