Shahjahanpur News: विश्व युवा कौशल दिवस पर सम्मानित किए प्रशिक्षणार्थी

राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में मॉडल प्रदर्शनी का अवलोकन करते नगर निगम के उप सभापति वेदप्
शाहजहांपुर। विश्व युवा कौशल दिवस पर रोजा स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें प्रशिक्षणार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
शुरुआत मुख्य अतिथि नगर निगम के उप सभापति वेद प्रकाश मौर्य, विशिष्ट अतिथि जी सर्जीवियर के एएचआर शिव मोहन व एचआर धर्मेंद्र कुमार द्वारा दीप जलाकर की गई। अतिथियों ने आईटीआई प्रशिक्षार्थियों के मॉडलों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया और सराहा। इसके बाद आईटीआई उत्तीर्ण प्रशिक्षार्थियों को अप्रेंटिस का अवसर प्रदान करने के लिए जी.सर्जीवियर कंपनी के एएचआर शिवमोहन को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
राजकीय आईटीआई जलालाबाद से विद्युतकार व्यवसाय में उत्तीर्ण सेवायोजित सफल प्रशिक्षार्थी अमन अवस्थी को 2023-24 के लिए ब्रांड एंबेसडर के रूप में चयनित कर प्रशस्ति पत्र सौंपा गया। आईटीआई शाहजहांपुर, जलालाबाद व पुवायां से अखिल भारतीय व्यावसायिक परीक्षा में सर्वाधिक अंक से उत्तीर्ण होने वाले 38 मेधावियों में से 21 को प्रशस्ति पत्र सौंपे गए।
मॉडल का प्रदर्शन करने वाले, अप्रेंटिस के लिए चयनित प्रशिक्षार्थी भी सम्मानित हुए। इस मौके पर पूर्व सभासद सत्यम शर्मा, प्रधानाचार्य नागेंद्र सिंह, प्रभारी रामसरन, रामनरेश, सोमेंद्र कुमार, राजकुमार, कृष्ण कुमार, कृष्ण मुरारी, ब्रह्मपाल, अमित गुप्ता, संजय कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।