Shahjahanpur News: हमराही छात्रवृत्ति परीक्षा में दो छात्राओं ने किया प्रतिभाग
शाहजहांपुर। अमर उजाला की ओर से रविवार को हमराही छात्रवृत्ति परीक्षा कराई गई। शाहजहांपुर में दो छात्राओं ने इस परीक्षा में प्रतिभाग किया। परीक्षा में 100 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे गए।
परीक्षा समाप्त होने के बाद छात्राओं ने बताया कि पेपर में हिंदी, अंग्रेजी, गणित और एसएसटी से संबंधित बहुविकल्पीय प्रश्न आए थे, जिनका सही उत्तर खाली गोले को भरकर देना था। परीक्षार्थी सैलजा मिश्रा ने बताया कि वह आर्य कन्या पाठशाला इंटर कॉलेज में कक्षा 11 की छात्रा हैं। परीक्षा के संबंध में उसने अखबार में पढ़ा था और फार्म भरा। पेपर बहुत अच्छा हुआ है। गणित के प्रश्नों में थोड़ा जरूर उलझीं। उसे पूरी उम्मीद है कि वह परीक्षा में सफल होंगी और छात्रवृत्ति प्राप्त करेंगी।
बताया कि वह यूपीएससी की तैयारी करेंगी, जिससे अफसर बनकर माता-पिता, गुरुजन और जिले का नाम रोशन कर सकें। सैलजा आनंदपुरम कॉलोनी निवासी हैं। उनके पिता अनुज मिश्रा हमराही हैं। परीक्षार्थी शिवांगी भी आर्य कन्या पाठशाला इंटर कॉलेज में कक्षा 11 की छात्रा हैं। उन्होंने बताया कि पेपर ठीक हुआ है। छात्रवृत्ति मिलती है, तो वह अपनी उच्च शिक्षा के लिए खर्च करेंगी। पिता विजय शंकर राठौर हमराही हैं और पार्सल डिलीवरी का काम भी करते हैं।