Shahjahanpur News: प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में 31 को आएगी यूपी जोड़ो यात्रा

शाहजहांपुर में कांग्रेस की यूपी जोड़ो यात्रा की तैयारियों की समीक्षा के दौरान सदस्यता ग्रहण करन
शाहजहांपुर। सहारनपुर से शुरू हुई यूपी जोड़ो यात्रा 31 दिसंबर को प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के नेतृत्व में जिले में आएगी। यात्रा के जरिये भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों से आमजन को अवगत कराया जाएगा। रविवार को पहुंचे कांग्रेस के पूर्व सांसद व यात्रा के जिला प्रभारी जफर अली नकवी ने बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की और कार्यकर्ताओं को दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष मीरानपुर कटरा और तिलहर में जनता को संबोधित करेंगे। शहीदों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण के बाद एक जनवरी को लखीमपुर के लिए यात्रा रवाना की जाएगी। यात्रा के साथ करीब एक हजार लोग आएंगे। इस दौरान प्रदेश की जर्जर सड़कों, महंगाई, बेरोजगारी, पटरी से उतरी बिजली व चिकित्सा व्यवस्था के बारे में जनता को बताया जाएगा। यात्रा का समापन लखनऊ में होगा। उन्होंने बताया कि पांच राज्यों के चुनाव में भाजपा अपने सीएम पद का चेहरा घोषित नहीं कर पाई। जबकि, आईएनडीए गठबंधन ने मल्लिकाअर्जुन खड़गे के नेतृत्व में चुनाव लड़ने का फैसला लिया है।
जिलाध्यक्ष रजनीश गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस के आने पर ही लोकतंत्र बचेगा। इस मौके पर कांग्रेस के प्रदेश सचिव ईश्वर दयाल पासी, जिला महामंत्री गौरव त्रिपाठी, अशफाक उल्ला खां, पवन सिंह आदि मौजूद रहे।
यूपी जोड़ो यात्रा में कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की
कांग्रेस के टाउन हाल स्थित कार्यालय में यूपी जाेड़ो यात्रा के दौरान कांग्रेस की विचारधारा से प्रभावित होकर भानु प्रताप सिंह, पप्पूपाल, नर सिंह कुशवाहा, रामप्रकाश, श्याम पाल कुशवाहा, वीर प्रताप सिंह, अजय पाठक आदि ने सदस्यता ग्रहण की। उनका फूल माला पहनाकर स्वागत किया गया। बैठक में कांट नगर पंचायत के चेयरमैन रईस मियां, पूर्व जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र दीक्षित, महेंद्र पाल कठेरिया आदि मौजूद रहे।