Shahjahanpur News: तीन स्थानों पर बनाए गए वेंडिंग जोन खाली, सड़क किनारे लग रहीं दुकानें

शाहजहांपुर के गर्रा पुल स्थित वेंडिंग जोन की पलटी गई दुकानें। संवाद
शाहजहांपुर। नगर निगम को ओर से शहर में पथ विक्रेताओं के लिए वेंडिंग जोन बनाए गए हैं। जिससे वे सड़क पर अपनी दुकानें व ठेला न लगाएं और लोगों को जाम की समस्या से निजात मिल सके लेकिन लाखों रुपये खर्च कर बनाए गए वेंडिंग जोन बेकार साबित हो रहे हैं।
अजीजगंज स्थित पुराना गर्रा पुल पर पहला वेंडिंग जोन बनाया गया था। यहां पहले 30 दुकानें बनाई गईं। बाद में इनकी संख्या बढ़ाकर 60 कर दी गई। इस पर करीब 15 लाख रुपये की लागत आई।
दूसरा वेंडिंग जोन लाल इमली चौराहा से रोडवेज के पास स्थित रेलवे क्राॅसिंग वाली रोड पर भारद्वाजी कॉलोनी के पास बनाया गया। इसमें 35 दुकानें बनाईं गईं। इसकी लागत करीब 15 लाख रुपये आई।
इसके बाद तीसरा वेंडिंग जोन निगोही रोड पर गदियाना के पास बना, इनमें कुल 54 दुकानें हैं तथा लागत करीब 40 लाख रुपये आई। वर्तमान में इन सभी वेंडिंग जोन की दुकानें खाली पड़ी हैं।
गर्रा पुल पर बने वेंडिंग जोन में एक भी पथ विक्रेता अपनी दुकान नहीं लगाता, उन्होंने पुल के दोनों किनारों को घेर रखा है और अपने ठेले व अस्थायी दुकानें लगाते हैं।
भारद्वाजी कॉलोनी के पास बने वेंडिंग जोन की अधिकतर दुकानें खाली पड़ी हैं, कुछ में ही पान-पुड़िया के खोखे, जूस कॉर्नर, रुई तथा सूप विक्रेता अपनी दुकानें चलाते हैं। वहीं गदियाना में बने वेंडिंग जोन में एक भी दुकान नहीं लगती। सभी दुकानें खाली पड़ी हैं। इसी प्रकार गर्रा पुल स्थित वेंडिंग जोन की दुकानों की हालत देखरेख के अभाव में पूरी तरह खराब है।
–
अधिकारियों ने ये कहा
नगर निगम के सहायक नगर आयुक्त मधुसूदन आर्य बताते हैं कि गर्रा पुल और भारद्वाजी कॉलोनी के पास बने वेंडिंग जोन की दुकानों को आवंटित किया गया था। गदियाना स्थित वेंडिंग जोन की दुकानों को पथ विक्रेता नहीं ले रहे। जबकि कई बार ठेले व खोमचे वालों को इसके लिए जागरूक किया गया। सड़क के किनारे लगने वाले ठेले, खोमचों को वेंडिंग जोन में शिफ्ट किए जाने के प्रयास जारी है।
वेंडिंग जोन में दुकान लेने को करें संपर्क
शहर में स्थित वेंडिंग जोन में यदि कोई व्यक्ति दुकान लेना चाहता है, तो वह नगर निगम कार्यालय में संपर्क कर सकता है। इसके साथ ही सहायक नगर आयुक्त मधुसुदन लाल आर्य के मोबाइल नंबर 8009503096, कंट्रोल रूम संपर्क सूत्र 05842-225437 पर काॅल करके जानकारी ली जा सकती है।