Shahjahanpur News: सीमावर्ती देशों से नकली मुद्रा की छपाई का सामान खरीदता था विवेक

नई दिल्ली/शाहजहांपुर। बंडा की रामनगर कॉलोनी से गिरफ्तार विवेक ठाकुर सीमावर्ती देशों से नकली मुद्रा और इसकी छपाई का सामान खरीदता था। रैकेट और उसकी कार्यशैली जानने के लिए राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) उससे पूछताछ कर रही है। वहीं उसके संपर्क में रहे चार युवकों से भी पूछताछ की गई।
देश में नकली करेंसी बनाने और चलाने वालों के रैकेट के बंडा कनेक्शन का खुलासा होते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। शनिवार सुबह बंडा की रामनगर कॉलोनी से हुई विवेक की गिरफ्तारी की बाबत सीओ पुवायां पंकज पंत ने बताया कि उसके पास लैपटॉप, दो मोबाइल फोन मिले हैं। उसे बंडा थाने लाकर कागजी कार्रवाई की गई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी को ट्रांजिट रिमांड के लिए अदालत में पेश किया जा रहा है। इस दौरान मीडिया को कार्यवाही से दूर रखा गया।
वहीं एनआईए की जांच में पता चला कि महाराष्ट्र का राहुल तानाजी पाटिल उर्फ जावेद नकली नोटों की आपूर्ति का वादा करके भुगतान लेने के लिए जालसाजी से प्राप्त सिम कार्ड का इस्तेमाल करता था। महेंद्र के घर की तलाशी में एक प्रिंटर जब्त किया गया है। ब्यूरो-संवाद
–
एनआईए बंगलूरू की टीम ने बंडा से विवेक ठाकुर को नकली करेंसी के निर्माण और विक्रय के आरोप में गिरफ्तार किया है। इस संबंध में विधिक कार्रवाई की जा रही है। -सुधीर जायसवाल, एसपी नगर, शाहजहांपुर