Shahjahanpur News: जाम में फंसे तो बैरिकेडिंग तोड़ी, पुलिस नदारद
शाहजहांपुर। जेल रोड पर जाम से आजिज आ चुके लोगों ने बुधवार को बेरिकेडिंग हटा दीं और प्रवेश कर गए। इस दौरान मौके पर पुलिस भी नदारद रही। आगे जाकर कई सवारी वाहन खोदकर डाली गई मिट्टी में फंसकर पलटने से बच गए। उन्हें लोगों ने धक्का देकर निकाला।
मंगलवार को मुख्य मार्ग पर वाल्मीकि पार्क, अग्निशमन कार्यालय, कृष्णानगर मंदिर, चमकनी में सड़कों की जेसीबी से खोदाई की गई जहां पर पहले खोदाई हुई थी, वहां गड्ढों को भरने के लिए मिट्टी डाली गई है। कई जगह पर जलापूर्ति की लाइन लीकेज के चलते यह मिट्टी गीली हो गई। शिव मंदिर और परिषदीय विद्यालय के पास में गड्ढा खुला है। इससे लोगों को दिक्कत होती रही। बृज विहार कॉलोनी से अंटा चौराहा तक सड़क क्षतिग्रस्त और गड्ढे होने की वजह से उनमें पानी भरा रहा। कृष्णानगर में बेकरी के पास मिट्टी में ई-रिक्शा फंस गया। राहगीरों और यात्रियों ने धक्का देकर निकलवाया। इसी तरह से शिव मंदिर के पास में टेंपो का पहिया मिट्टी में धंस गया।
सीवर लाइन के मुख्य सड़क और गलियों में खोदाई होने के कारण कॉलोनी वासियों को परेशानी हो रही है। श्रद्धालु भी मंदिर में दर्शन के लिए नहीं आ-जा पा रहे हैं। जल निगम को शीघ्रता के साथ काम पूरा करवाना चाहिए। – हरीश बजाज, कृष्णानगर
अपनी परचून की दुकान का सामान लेने के लिए अक्सर बाजार आना-जाना होता है जबसे मुख्य मार्ग पर खोदाई शुरू हुई है, तब परेशानी बढ़ गई। अब गलियों की खोदाई भी शुरू कर दी है। – उदय प्रताप, चमकनी
अंटा वाली सड़क पहले से क्षतिग्रस्त है, उनकी दुकान के सामने ही तमाम गड्ढे हैं। साथ ही यहां पर हमेशा लीकेज रहता है, जिसका पानी गड्ढों में भरा रहने से वाहन चालकों और दुकानदारों को परेशानी होती है। – सुनील कुमार, बृज विहार कॉलोनी
सीवर लाइन का कार्य जल्दी पूरा कराए जाने का प्रयास किया जा रहा है। मुख्य मार्ग पर 14 दिसंबर तक काम पूरा कराना है। गलियों में भी सीवर लाइन पड़ेगी, जिससे घरों से निकलने वाला गंदा पानी सीवर ट्रीटमेंट प्लांट तक पहुंच सके। – प्रवीण कुमार, अभियंता, जल निगम
बुध बाजार में उमड़ी भीड़ तो शहर में लगा जाम
फोटो – 10
शाहजहांपुर। बहादुरगंज में बुधवार को लगने वाली बुध बाजार को लेकर ट्रैफिक पुलिस की ओर से कोई व्यवस्था नहीं की गई थी। इसकी वजह से बाजार में जाम लग गया। जबकि बुध बाजार में सस्ता सामान बिकने की वजह से बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए पहुंचते हैं। ऊपर से अंटा से जेल रोड पर सीवर लाइन बिछाने का कार्य चलने की वजह से इस मार्ग के वाहन बहादुरगंज और तारीन टिकली होकर निकल रहे हैं। घंटाघर से बहादुरगंज के रास्ते में जाम लगने के बाद लोग घंटाघर-लाल इमली चौराहे की रोड पर आए तो यहां भी जाम से जूझना पड़ा।