Shahjahanpur News: बुखार का वार, बंडा में महिला की मौत

चंद्रकली का फाइल फोटो
बंडा। जिले में बुखार पीड़ित एक और महिला की मौत हो गई। उसके गांव के कई अन्य लोग भी बुखार से पीड़ित हैं। वहीं स्वास्थ्य विभाग गांवों में लगातार मरीजों का परीक्षण कर रहा है। बुधवार को डेंगू या मलेरिया का कोई नया रोगी नहीं मिला।
गांव बिराहिमपुर झझरिया निवासी रोशन लाल की पत्नी चंद्रकली (32) को 15 दिन से बुखार आ रहा था। परिजन उन्हें बंडा के सरकारी अस्पताल में ले गए जहां हालत में सुधार नहीं होने पर बरेली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। उसके बाद परिजन घर ले आए। गांव में एक झोलाछाप के पास इलाज शुरू किया। बुधवार को चंद्रकली की मौत हो गई। गांव की गीता देवी, गोरिल, पीयूष, शिवम समेत कई लोग बुखार से पीड़ित हैं, लेकिन स्वास्थ्य विभाग कोई ध्यान नहीं दे रहा है। चंद्रकली की मौत से पुत्र प्रभात, पुत्री पूनम का रो-रो कर बुरा हाल है।
1871 मरीजों की जांच की गई : जिले की स्वास्थ्य इकाइयों पर बुधवार को 1871 मरीजाें की जांच की गई जिसमें कोई भी डेंगू या मलेरिया का नया पीड़ित नहीं मिला।
पीएचसी-सीएचसी पर 9245 मरीजों का परीक्षण किया गया। 178 मरीजों को भर्ती किया गया। साथ ही 26 रोगियों की हालत गंभीर होने पर रेफर किया गया। जिला मलेरिया अधिकारी डॉ.एसपी गंगवार ने बताया कि दस टीमें मच्छरों का लार्वा प्रतिदिन तलाश करने के लिए लगाई गई हैं।
125 मरीजों को बांटी दवा : परौर में ग्राम ककोड़ा में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इसमें 125 मरीजों को दवा का वितरण किया गया। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ.आदेश कुमार रस्तोगी की निगरानी में मरीजों की जांच की गई। इसमें खांसी, बुखार, एलर्जी आदि के मरीज सबसे ज्यादा पहुंचे। शिविर में रितिक कुमार, सचिन कुमार, अमन सक्सेना, शिवम,आशा रुचि आदि का सहयोग रहा।