शाहजहाँपुर

Shahjahanpur News: ट्रॉली का चालान करने पर भड़के कार्यकर्ता, धरने पर बैठे

Connect News 24

Workers angry over challan of trolley, sit on dharna

बंडा में किसान कार्यकर्ताओं के साथ बैठकर बातचीत करते थाना प्रभारी प्रदीप सिंह सहरावत। संवाद

बंडा । पराली के गट्ठे लेकर जा रही ओवरहाइट ट्रॉली का चालान करने पर नाराज भारतीय किसान यूनियन चढूनी गुट के कार्यकर्ता मुख्य चौराहे पर धरने पर बैठ गए। पुलिस के चालान वापसी करने की बात कहने पर कार्यकर्ताओं ने धरना समाप्त किया।

पराली जलाने पर प्रतिबंध लगाए जाने के बाद किसानों ने धान की पराली के लिए हरियाणा से पराली का गट्ठा बनाने वाली मशीनों को बंडा में बुलवा लिया। अपने-अपने खेतों की पराली के गट्ठे बनवाकर ट्रैक्टर ट्रॉली से उन्हें बाहर भेजना शुरू कर दिया था। सोमवार देर रात गांव सरदारपुर निवासी मनप्रीत सिंह ट्रैक्टर ट्रॉली से खुटार के गांव बिजौरा बिजौरिया में पराली के गट्ठों को डंप करने के लिए लेकर जा रहा था । इसी दौरान बंडा पुलिस ने उनकी ट्रैक्टर ट्रॉली का 4000 रुपये का चालान कर दिया। जानकारी पाकर भारतीय किसान यूनियन चढूनी गुट के मंडल अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह और जिलाध्यक्ष तरविंदर सिंह मोमी अपने कार्यकर्ताओं के साथ बंडा चौराहे पर पहुंच गए। नाराज किसानों ने मुख्य चौराहे पर ही पुलिस प्रशासन के खिलाफ दरी बिछाकर प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। करीब एक घंटे तक धरना-प्रदर्शन के बाद बंडा थाना प्रभारी प्रदीप सिंह सहरावत मुख्य चौराहे पर पहुंचे और किसानों को समझाने की कोशिश की। इस पर मंडल अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने उनसे कहा कि सभी किसान अपने-अपने खेतों में पराली जलाएंगे, चाहे कितनी बार भी चालान काटा जाए। किसानों के साथ नाइंसाफी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस पर थाना प्रभारी और चालान काटने वाले दरोगा ने कार्यकर्ताओं से ट्रॉली का चालान वापस करने की बात कहते हुए खेद जताया जिस पर धरना समाप्त हो गया। इस दौरान प्रेम सिंह, त्रिलोक सिंह, जसप्रीत सिंह, सुखचैन सिंह मन्ना, दिलबाग सिंह, जसवंत सिंह, हरप्रीत सिंह, मनप्रीत सिंह, कुलविंदर सिंह, गुरुनाम सिंह, सुखपाल यादव समेत कई कार्यकर्त्ता और किसान मौजूद रहे।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button