Shahjahanpur News: ऑपरेशन के तुरंत बाद युवक की मौत, मेडिकल कॉलेज में परिजन का हंगामा

मृतक प्रताप सिंह का फाइल फोटो।
शाहजहांपुर। सेहरामऊ दक्षिणी थाना क्षेत्र के गांव जलालपुर निवासी श्यामल सिंह के पुत्र प्रताप सिंह (26) की पित्त की थैली में ऑपरेशन के कुछ घंटे बाद ही मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने डॉक्टर पर दस हजार रुपये लेने के बाद भी इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। सीएमएस ने जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
प्रताप सिंह की पित्त की थैली में पथरी हो गई थी। उन्हें 18 जुलाई को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। डॉक्टर ने उनकी सारी जांच कराईं। प्रताप सिंह के पिता श्यामल सिंह ने बताया कि बुधवार को उनकी सर्जरी विभाग के डॉक्टर से बात हुई थी। उन्हें ऑपरेशन के दस हजार रुपये भी दिए थे। डॉक्टर ने बृहस्पतिवार को सबसे पहले ऑपरेशन करने की बात कही थी। सुबह करीब नौ बजे उसे ऑपरेशन के लिए ले जाया गया। करीब साढ़े 11 बजे ऑपरेशन के बाद वार्ड में शिफ्ट कर दिया था। दोपहर करीब तीन बजे के बाद प्रताप सिंह का गला सूखने लगा। उसने पानी मांगा। श्यामल सिंह जब तक पानी लेने गए, तब तक उसकी मौत हो गई।
इसके बाद परिजनों ने डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और समझाने का प्रयास किया। करीब तीन घंटे तक चले हंगामे के बाद किसी तरह समझा-बुझाकर पीड़िताें को शांत किया गया। प्रताप क मौत से उसकी पत्नी संतोषी व मां चंद्रकली का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। उसका डेढ़ साल का बेटा भी था।
मृतक के परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगाया है। शव का पाेस्टमार्टम कराया जाएगा। मामले की जांच पैनल के जरिये कराई जाएगी। रुपये लेने की भी जांच कराई जाएगी।
– डॉ. नेपाल सिंह, सीएमएस

मृतक प्रताप सिंह का फाइल फोटो।