Shahjahanpur News: युवाओं को उद्योग लगाने के लिए मिलेगा 25 लाख तक का ऋण
मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के तहत ऋण लेने पर मिलेगा 25 प्रतिशत तक अनुदान
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहजहांपुर। हाईस्कूल पास कर चुके युवाओं के लिए खुशखबरी है। अब वह अपना स्वरोजगार शुरू करने के लिए 25 लाख रुपये का ऋण ले सकते है, वह भी 25 प्रतिशत अनुदान के साथ। यानि ऋण चुकाने के दौरान आपको सिर्फ 75 प्रतिशत धनराशि ही जमा करनी होगी। 25 प्रतिशत धनराशि सरकार की ओर से अनुदानित होगी।
प्रदेश सरकार की ओर से मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना का संचालन किया जा रहा है। इस योजना के तहत उद्योग लगाने के लिए ऋण की सुविधा दी जाती है। ऋण के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थी का हाईस्कूल पास होना जरूरी है। इसके साथ ही आयु सीमा अधिकतम 40 वर्ष होनी चाहिए।
इच्छुक युवा उद्योग/सेवा के लिए ऋण प्राप्त करने को ऑनलाइन वेबसाइट www.diupmsme.upsdc.gov.in पर आवेदन कर सकता है। आवेदन के बाद स्कोर कार्ड के आधार पर 24 घंटे के भीतर आवेदनकर्ता की फाइल बैंक भेज दी जाएगी। बस शर्त यह है कि आवेदनकर्ता किसी भी बैंक का चूककर्ता (डिफाल्टर) नहीं होना चाहिए और न ही उसने या उसके परिवार ने केंद्र/राज्य सरकार की ओर से संचालित किसी योजना में लाभ प्राप्त किया हो।
आवश्यक दस्तावेज
– न्यूनतम शैक्षिक योग्यता हाईस्कूल पास या समकक्ष पास प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक खाता विवरण, पासपोर्ट साइज फोटो, आवेदक द्वारा पात्रता की शर्ते पूर्ण किए जाने विषयक शपथ पत्र, परियोजना रिपोर्ट
यहां करें संपर्क
ऋण प्राप्त करने के लिए आवेदन को लेकर अधिक जानकारी कार्यालय जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केंद्र में अथवा पटल सहायक के मोबाइल नंबर 9548515974 पर संपर्क कर प्राप्त की जा सकती है।