Shahjahanpur: दिवाली पर ट्रांसफार्मर में लगी आग, पास में खड़ी कार भी जली, पूरे मोहल्ले की बिजली रही गुल

ट्रांसफार्मर में लगी आग
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
शाहजहांपुर के चौक कोतवाली क्षेत्र में मोहल्ला कच्चा कटरा मोड़ पर रविवार की रात ट्रांसफार्मर में आग लग गई। आग की लपटों ने पास में खड़ी कार को भी चपेट में ले लिया। ट्रांसफार्मर में आग लगने से दिवाली पर पूरे मोहल्ले की बिजली गुल हो गई।
रविवार शाम करीब सात बजे ओवरलोडिंग के चलते कच्चा कटरा पर लगे 500 एमवीए के ट्रांसफार्मर में आग लग गई। धमाकों के साथ ट्रांसफार्मर से ऊंची-ऊंची लपटें निकलने लगी, जिससे मोहल्ले में हड़कंप मच गया। इस दौरान वहां पास में ही खड़ी कार भी आग की चपेट में आकर जल गई।
तेज धमाके के साथ कार के टायर और फ्यूल टैंक फट गया। लोगों ने पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया। दीपावली पर ट्रांसफार्मर फूंकने से पूरे मोहल्ले की बिजली गुल हो गई। देर रात तक विद्युत आपूर्ति सुचारू नहीं हो सकी।