Shahjahanpur: अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क से 15 फुट नीचे गिरी, फर्रुखाबाद के दो युवकों की मौत

नीरज और नरवीर के फाइल फोटो
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
शाहजहांपुर की जलालाबाद मंडी से आलू की बिक्री कर लौटते समय अनियंत्रित हुई ट्रैक्टर-ट्रॉली कोला से मिर्जापुर मार्ग पर कोलाघाट पुल से पहले गांव रैपुरा की पुलिया के पास करीब 15 फुट गहराई में पलट गई। हादसे में फर्रुखाबाद जिले के थाना अमृतपुर के गांव चपरा निवासी ट्रैक्टर चालक नरवीर (27) व उनके सहयोगी नीरज (38) की मौत हो गई।
शुक्रवार को नरवीर अपने ट्रैक्टर-ट्रॉली में आलू लादकर उसे बेचने जलालाबाद मंडी आए थे। नरवीर अपने साथ गांव के नीरज को सहयोग के लिए लेकर आए थे। जलालाबाद में आलू की मंडी रात में संचालित होती है। इस कारण यह दोनों शाम को मंडी पहुंचे और बिक्री के बाद रात करीब नौ बजे घर को चल दिए। बताते हैं कि रैपुरा पुलिया के पास कोहरे के कारण ब्रेकर दिखाई नहीं देने के कारण ट्रैक्टर उछलकर अनियंत्रित होकर रोड साइड पटरी पर पहुंच गया।
किनारे की मिट्टी धंसने से वह पुलिया के पास खाई में जा गिरा। कुछ देर बाद वहां से निकले डायल 112 के सिपाहियों को हादसे की जानकारी हुई। उनके बताने पर इंस्पेक्टर हरिपाल सिंह बालियान पुलिस के साथ मौके पर पहुंच गए। नरवीर ट्रैक्टर के नीचे दबा था। नीरज कुछ दूरी पर पड़ा था। पुलिस ने दोनों को सीएचसी पर भेजा। जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराया है।