Shahjahanpur News: रिलीव किए जाने में देरी पर शिक्षकों ने जताई नाराजगी
शाहजहांपुर। अंतरजनपदीय स्थानांतरण के तहत जिले से स्थानांतरित शिक्षक-शिक्षिकाएं शनिवार को रिलीव कर दिए गए। देर रात तक चली प्रक्रिया के कारण शिक्षक-शिक्षिकाएं और उनके परिजन बीएसए कार्यालय में ही जुटे रहे। इस दौरान रिलीव किए जाने में देरी पर बीएसए कार्यालय में शिक्षकों ने नाराजगी जताई।
जिले में अंतरजनपदीय स्थानांतरण के अंतर्गत अपने मूल जिले और उसके आसपास स्थानांतरण के लिए आवेदन करने वाले शिक्षकों में 175 का तबादला रुक गया था। हाईकोर्ट के आदेश पर इन शिक्षकों को भी रिलीव कर दिया गया। इसके लिए शिक्षकों को निर्देश दिए गए थे कि शनिवार को विद्यालय बंद होने के बाद रिलीव लेटर प्राप्त कर रविवार को स्थानांतरित जनपद में जाकर ज्वाइंनिंग कर लें।
इसके चलते शनिवार को दोपहर दो बजे के बाद बीएसए कार्यालय में शिक्षक-शिक्षिकाओं का जुटना शुरू हो गई। बीएसए रणवीर सिंह ने बताया कि फाइलों को ढूंढ़ने में थोड़ा समय लग गया था। इसके बावजूद रात 9:30 बजे तक 110 शिक्षक-शिक्षिकाओं को रिलीव लेटर प्रदान कर दिए गए। 175 में 20 शिक्षक-शिक्षिकाएं ऐसे भी है, जिनको मनमुताबिक स्थानांतरण न मिलने के कारण वे जाना नहीं चाहते। उन्होंने किसी तरह का हंगामा होने से इन्कार किया।