‘जनता को परेशानी नहीं होनी चाहिए’: बदहाल बिजली व्यवस्था पर विधायक ने जताई नाराजगी,आकाश ने अफसरों को किया तलब

बदहाल बिजली व्यवस्था पर विधायक ने जताई नाराजगी
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
लखनऊ से लौटने के बाद रामपुर सदर सीट से विधायक आकाश सक्सेना ने शहर की बदहाल बिजली व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई है। उन्होंने इसके लिए बिजली विभाग के अफसरों समेत कई जिम्मेदारों को तलब कर लिया। उन्होंने कहा कि किसी भी कीमत पर जनता को समस्या नहीं आनी चाहिए। यदि गैस पाइप लाइन का काम धीमा है, तो अधिक स्टाफ लगाकर यह काम समय से निपटना चाहिए। उन्होंने इस बावत गैस कंपनी के कर्मचारियों को निर्देश भी दिए। पिछले कुछ दिनों से शहर की बिजली व्यवस्था का बुरा हाल है। घंटों बिजली गुल रहती है, जिसकी वजह से लोगों को तमाम समस्याएं हो रही हैं। भीषण गर्मी में लोगों को जीना मुहाल हो गया है।
लखनऊ में एमएलसी चुनाव में मतदान करने के बाद लौटे शहर विधायक आकाश सक्सेना ने गुरूवार को बदहाल बिजली व्यवस्था को लेकर बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता भीष्म कुमार तोमर समेत सभी बिजलीघरों के अवर अभियंताओं को तलब कर लिया।
विधायक ने अधिशासी अभियंता से बिजली व्यवस्था की गड़बड़ियों के बारे में जानकारी ली। जिस पर अधिशासी अभियंता ने बताया कि रजा इंटर कालेज बिजलीघर क्षेत्र में चूहा घुसने की वजह से फाल्ट हो गया था। जिस कारण उपकरण खराब हो गए थे। उन्हें ठीक कराकर आपूर्ति सुचारू कराई जा रही है। इसके अलावा शहर के कई इलाकों में गैस कंपनी की ओर से गैस पाइप लाइन डालने का काम किया जा रहा है, जिस कारण बिजली के तार कटने के कारण समस्या हो रही है।
इस बावत कोई जानकारी भी नहीं दी जाती है। जिसके बाद विधायक ने गैस कंपनी के कर्मचारियों को भी बुला लिया। उन्होंने कंपनी के कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शहर में काम निर्धारित समय से पूरा किया जाए। उन्होंने बिजली विभाग में लाइनों के सुधार के लिए काम करने वाली एनसीसी के कर्मचारियों को भी निर्देश दिए कि शहर में लाइनों के सुधार का काम तेजी से हो। जिससे जनता को आएदिन होने वाले फाल्टों से निजात मिल सके।