Rampur: वैन में मानक से ज्यादा थे स्कूली बच्चे, एआरटीओ ने कर दी सीज…फिर अपने वाहन से पहुंचाया घर

आरटीओ के वाहन पर सवार होकर घर जाते बच्चे
– फोटो : संवाद
विस्तार
बदायूं में स्कूली वैन के हादसे में चार बच्चों की मौत के बाद जिले में भी परिवहन विभाग स्कूली वाहनों की चेकिंग में जुट गया है। टीम ने अभियान चलाकर दो दर्जन स्कूलों वाहनों को चेकिंग की। इस दौरान फिटनेस न होने पर दो बसों के चालान किए। वहीं करीब एक दर्जन बच्चों से भरी स्कूल वैन को सीज कर दिया।
इसके बाद एआरटीओ ने अपनी गाड़ी से बच्चों को उनके घर तक पहुंचाया। परिवहन विभाग लगातार स्कूली वाहनों की चेकिंग कर रहा है। बृहस्पतिवार को दोपहर करीब डेढ़ बजे चेकिंग अभियान शुरू किया। इस दौरान करीब दो दर्जन स्कूली वाहनों को रोककर उनके कागज और फिटनेस की चेकिंग की गई।
इस बीच दो स्कूली बसों में फिटनेस न होने के चलते उनका दो-दो हजार रुपये का चालान कर दिया। वहीं एक स्कूली वैन बच्चों को लेकर जा रही थी। एआरटीओ रंजीत कुमार ने उसे रुकवाकर कागज चेक किए तो उसकी फिटनेस नहीं पाई गई। एआरटीओ ने बच्चों को नीचे उतारकर वैन को सीज कर दिया। बच्चों को अपनी बोलेरो गाड़ी से उनके घर भिजवाया।
वैन भोट के एक स्कूल से बच्चों को भरकर आ रही थी। एआरटीओ रंजीत कुमार ने बताया कि बच्चों को परेशानी न हो इसलिए उन्हें अपनी गाड़ी से घर भिजवा दिया। फिटनेस न होने पर वैन को सीज किया गया है। जिले में पिछले माह स्कूली वाहनों कमी मिलने पर 125 को नोटिस दिया जा चुका है।