UP News: ट्रेनों में मोबाइल चोरी… बांग्लादेश में सप्लाई, गैंग के छह चोर गिरफ्तार; आठ लाख के फोन बरामद

रेलवे पुलिस की गिरफ्त में मोबाइल चोरी के आरोपी
विस्तार
शाहजहांपुर में रेलवे पुलिस ने ट्रेनों में यात्रियों के मोबाइल चोरी करने वाले नाबालिग समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से चोरी के 55 मोबाइल बरामद किए गए हैं। सभी आरोपी झारखंड के रहने वाले हैं। दो माह से इस रूट पर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। जीआरपी के अनुसार, पुलिस से बचने के लिए आरोपी मोबाइल के पार्ट्स झारखंड के डीलर के जरिये बांग्लादेश भेजते थे।
शनिवार को रेलवे थाना प्रभारी रेहान खान ने सर्विलांस सेल लखनऊ की मदद से प्लेटफार्म नंबर तीन व चार के पश्चिमी छोर पर पांच युवक व एक किशोर को संदिग्ध हालात में खड़ा देखा। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगे। उन्हें दौड़ाकर पकड़ लिया। थाने लाकर पूछताछ की गई। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 55 चोरी के मोबाइल बरामद किए।
लखनऊ रूट पर करते थे वारदात
इंस्पेक्टर रेहान अली ने बताया कि पुलिस ने झारखंड जिले के साहिबगंज के थाना तीन पहाड़ निवासी बादल कुमार, शुभम कुमार, अश्वनी कुमार, राज नौनिया और इसी जिले के थाना तनझारी निवासी शमशुर व एक बाल अपचारी को गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी के अनुसार, आरोपी झारखंड के शातिर बदमाश है। वहां सख्ती बरती जाने पर बरेली में किराये पर कमरा लेकर रहने लगे थे और लखनऊ रूट पर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे।

