UP Nikay Chunav: बरेली में चुनाव प्रचार थमा, बुधवार को पोलिंग पार्टियां होंगी रवाना; 11 मई को मतदान

बरेली नगर निगम
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
नगर निकाय चुनाव में ताल ठोंक रहे प्रत्याशियों का जनसंपर्क, प्रचार-प्रसार मंगलवार शाम थम गया। 11 मई को द्वितीय चरण का मतदान होगा। बरेली में इसकी पूरी तैयारी जिला पुलिस प्रशासन ने कर ली है। बुधवार को पोलिंग पार्टी रवाना होंगी। रवानगी स्थल पर मंगलवार को वाहन पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। निगरानी के लिए जिले को 33 जोन और 77 सेक्टर में विभाजित किया गया है।
जिले में 11 मई को नगर निगम और निकायों में मतदान होगा। अबकी बार नगर निगम के मेयर, पार्षद का चुनाव 8,47,763 मतदाता करेंगे। निकायों के अध्यक्ष और सदस्य पदों के लिए 4,84,413 मतदाता वोट डालेंगे। निकाय चुनाव के लिए जिले में 340 मतदान केंद्र बने हैं। इनमें 1195 मतदेय स्थल हैं।
नगर निगम के लिए एक मेयर, 80 पार्षद के लिए ईवीएम और नगर निकायों के 19 अध्यक्ष और 272 सदस्य पद के लिए बैलेट पेपर से मतदान होगा। ईवीएम और मतपत्र पोलिंग पार्टियों को रवानगी स्थल पर सौंपे जाएंगे। जिन्हें मतदान के बाद सील कर कड़ी सुरक्षा घेरे के बीच स्ट्रांग रूम में जमा करना होगा। सुरक्षा के लिहाज से पुलिस समेत खूफिया विभागों को भी सक्रिय किया गया है।



