Weather Update: बरेली में सुबह से शाम तक रिमझिम बारिश, उमस और गर्मी से मिली राहत

बरेली में बारिश
– फोटो : सोशल मीडिया
विस्तार
बरेली में दो दिन से बारिश का सिलसिला जारी है। शुक्रवार रात जमकर बारिश हुई, जिससे उमस और गर्मी से लोगों को राहत मिली। 13 मिमी बारिश से अधिकतम तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। शनिवार सुबह से शाम तक रुक-रुककर बारिश होती रही। मौसम विभाग ने सप्ताहभर तक हल्की-तेज बारिश का पूर्वानुमान जताया है।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ विशेषज्ञ अतुल कुमार के मुताबिक तीन दिन से शहर पर पश्चिमी विक्षोभ हावी था पर अनुकूल माहौल नहीं बनने से बारिश नहीं हो रही थी। मंगलवार रात हुई रिमझिम के बाद बुधवार और बृहस्पतिवार को बादल मंडराए पर बारिश नहीं हो सकी। बृहस्पतिवार देर रात घने बादल घिरने से न्यूनतम तापमान दो डिग्री गिरावट के बाद सामान्य से एक डिग्री कम 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
इधर, शुक्रवार सुबह घने बादल मंडराते रहे। दोपहर 12 बजे रिमझिम शुरू हुई और 10 मिनट बाद झमाझम बारिश होने लगी। सड़कों पर सन्नाटा पसर गया। अधिकतम तापमान लुढ़ककर सामान्य से एक डिग्री नीचे पहुंच गया। नमी 96 फीसदी, हवा की गति सात किमी प्रति घंटे रही। शनिवार को दिनभर फुहार पड़ती रही।



