एन0सी0सी0 चयन में खंडेलवाल कॉलेज की छात्राओं ने दिखाया उत्साह और जोश
अनुशासन, साहस और राष्ट्रसेवा के संकल्प के साथ एन0सी0सी0 चयन


खण्डेलवाल कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट साइंसेज एण्ड टेक्नोलॉजी , बरेली में सत्र 2026–27 के लिए 8वीं यू.पी. गर्ल्स बटालियन, बरेली के तत्वावधान में एनसीसी नामांकन एवं चयन प्रक्रिया का आयोजन उत्साह, जोश एवं अनुशासन के साथ किया गया। चयन प्रक्रिया में महाविद्यालय की नवप्रवेशित छात्राओं ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया तथा एनसीसी में शामिल होने के प्रति अपने उत्साह, आत्मविश्वास एवं समर्पण का परिचय दिया।महाविद्यालय के महानिदेशक डॉ. अमरेश कुमार एवं प्राचार्य डॉ. आर.के. सिंह ने छात्राओं को एनसीसी के उद्देश्य, अनुशासन, प्रशिक्षण, नेतृत्व क्षमता, राष्ट्रसेवा तथा सैन्य एवं अन्य क्षेत्रों में उपलब्ध कैरियर अवसरों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि एनसीसी केवल शारीरिक प्रशिक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह युवाओं में चरित्र निर्माण, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, जिम्मेदारी एवं देशभक्ति की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।चयन प्रक्रिया के अंतर्गत छात्राओं की शारीरिक दक्षता एवं दौड़ कराई गई। इसके साथ ही अभ्यर्थियों के ज्ञान एवं सामान्य जागरूकता का आकलन करने के लिए लिखित परीक्षा भी आयोजित की गई। छात्राओं ने पूरे जोश, अनुशासन एवं आत्मविश्वास के साथ चयन प्रक्रिया में हिस्सा लिया।कार्यक्रम के दौरान एडम. एस.एम. रामराज सिंह ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि एनसीसी युवाओं को एक जिम्मेदार, अनुशासित एवं राष्ट्र के प्रति समर्पित नागरिक बनने की दिशा में तैयार करता है। सीनियर एनसीसी कैडेट्स सृष्टि यादव एवं शीतल ने नवप्रवेशित छात्राओं को एनसीसी की विभिन्न गतिविधियों, प्रशिक्षण शिविरों एवं भविष्य में मिलने वाले अवसरों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।नामांकन एवं चयन प्रक्रिया 8वीं यू.पी. गर्ल्स बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल समीर बिष्ट एवं मेजर नीलिमा गौर के दिशा-निर्देशानुसार संपन्न कराई गई। बटालियन की ओर से एडम. एस.एम. रामराज सिंह, टीआरजी जेसीओ भास्कर सिन्हा एवं जीसीआई नीलम तथा महाविद्यालय की ओर से लेफ्टिनेंट रचना सिंह (एएनओ) ने नामांकन एवं चयन प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न कराया।एनसीसी चयन प्रक्रिया ने छात्राओं में अनुशासन, नेतृत्व, आत्मविश्वास एवं राष्ट्रसेवा के प्रति प्रतिबद्धता की भावना को और अधिक सुदृढ़ किया।



