के0सी0एम0टी0 में युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित
युवाओं को राष्ट्र निर्माण और सोशल मीडिया के सदुपयोग का संदेश




बरेली। खण्डेलवाल कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट साइंस एंड टेक्नोलॉजी , बरेली में युवाओं के व्यक्तित्व विकास और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका पर युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य वक्ता प्रान्त प्रचारक, ब्रज प्रांत श्री धर्मेंद्र जी रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत से हुआ। संस्था के प्रबंध निदेशक डॉ. विनय खंडेलवाल, महानिदेशक डॉ. अमरेश कुमार और प्राचार्य डॉ. आर.के. सिंह ने मुख्य वक्ता प्रान्त प्रचारक,ब्रज प्रान्त श्री धर्मेंद्र जी, विभाग प्रचारक, बरेली श्री कृष्ण जी और अन्य अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम की रूपरेखा प्रो. विनय ऋषिवाल, रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने प्रस्तुत की।मुख्य वक्ता श्री धर्मेंद्र जी ने विद्यार्थियों से बातचीत करते हुए सोशल मीडिया के सही इस्तेमाल, उसकी जरूरत और सीमाओं पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया ज्ञान, संवाद और विचार साझा करने का अच्छा माध्यम है, लेकिन युवाओं को इसका इस्तेमाल समझदारी और जिम्मेदारी से करना चाहिए ।उन्होंने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी ताकत हैं। युवाओं को अपने विकास के साथ-साथ समाज और देश के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को भी समझना चाहिए। अनुशासन, संस्कार, सेवा भावना, सामाजिक समरसता और राष्ट्र के प्रति समर्पण युवा जीवन के जरूरी आधार हैं।श्री धर्मेंद्र जी ने स्वामी विवेकानंद और भगवान गौतम बुद्ध के जीवन व विचारों का उदाहरण देते हुए विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, ज्ञान, शांति, योग और आध्यात्मिक परंपराओं से परिचित कराया। उन्होंने कहा कि भारत की समृद्ध संस्कृति और युवा शक्ति देश को नई दिशा देने में अहम भूमिका निभा सकती है।उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी ऊर्जा, प्रतिभा, ज्ञान और तकनीकी दक्षता का सही इस्तेमाल करते हुए देश के विकास में योगदान देने की अपील की।कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया और अलग-अलग विषयों पर अपने सवाल व विचार साझा किए। संवाद के जरिए विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका समझने और समाज के लिए सकारात्मक योगदान देने की प्रेरणा मिली।कार्यक्रम का संचालन रोहिलखण्ड विश्वविद्यालय के डॉ. विमल यादव ने किया। समापन पर विद्यार्थियों से अपनी प्रतिभा और ऊर्जा को राष्ट्रहित में लगाकर समाज और देश के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की गई। कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त प्रवक्तागण एवं विभिन्न संकायों के विद्यार्थी उपस्थित रहे।





