Budaun News: भैंसों का व्यापारी निकला नन्हू का हत्यारा, गिरफ्तार

बिसौली कोतवाली में पुलिस हिरासत में हत्या का आरोपी।स्रोत-पुलिस
बिसौली। ग्राम मलखानपुर में भैंस व्यापारी नन्हू प्रजापति की हत्या करने वाला उसका ही साथी व्यापारी नरेश निकला। कोतवाली पुलिस ने उसे मय आला कत्ल गिरफ्तार कर लिया है। दोनों एक साथ भैंस खरीदने और बेचने का काम कर रहे थे। नन्हू पर नरेश के 20 हजार रुपये आ रहे थे। वह कई बार अपने रुपये मांग चुका था, जो नन्हू नहीं दे रहा था। पुलिस ने नरेश को जेल भेज दिया है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव साहवर शाह निवासी नन्हू प्रजापति (50) की मंगलवार रात मलखानपुर गांव के नजदीक गेहूं के खेत में ईंट से कुचलकर हत्या कर दी गई थी। उनके चचेरे भाई सुभाष का कहना था कि नन्हू मंगलवार सुबह मुरादाबाद के ताहड़पुर की साप्ताहिक बाजार में भैंस खरीदने गए थे। वह भैंस खरीदने और बेचने का काम करते थे। तब से वह लौटकर नहीं आए थे।
बुधवार की सुबह मलखानपुर के कल्लू के खेत में उनका शव पड़ा मिला। पुलिस ने एफआईआर दर्जकर मामले की छानबीन शुरू कर दी। इस दौरान पुलिस को पता चला कि ग्राम मलखानपुर निवासी नरेश भी नन्हू के साथ भैंस खरीदने-बेचने का काम करता था। मंगलवार सुबह दोनों साहवर शाह के सत्यवीर सिंह को भैंस खरीदवाने ताहड़पुर की बाजार गए थे, तब से नरेश का भी कुछ पता नहीं है।
कोतवाली पुलिस ने बृहस्पतिवार की सुबह रतनपुर कोठी तिराहे से नरेश को दबोच लिया। पूछताछ के दौरान नरेश ने बताया कि वह एक साथ भैंस खरीदने और बेचने का काम कर रहे थे। पिछले तीन माह से उसने नन्हू से कोई हिसाब नहीं किया था। उसके नन्हू पर करीब 20 हजार रुपये निकल रहे थे। वह कई बार उससे मांग चुका था, लेकिन वह रुपये नहीं दे रहा था।
मंगलवार देर शाम वह सत्यवीर सिंह को एक भैंस खरीदवाकर लाए थे। आसफपुर से उन्हाेंने चार पौवे खरीदे। फिर उन्होंने सत्यवीर सिंह के ट्यूबवेल के पास बैठकर शराब पी। उसने नन्हू को ज्यादा शराब पिलाई। इस दौरान उसने नन्हू से अपने रुपये भी मांगे। दोनों वहां से पैदल-पैदल चल दिए। नरेश अपनी साइकिल पकड़े था। रास्ते में नन्हू उसे गाली देता रहा। जैसे ही वह कल्लू के खेत के नजदीक पहुंचे कि उसने साइकिल खड़ी करके नन्हू को गेहूं के खेत में गिरा दिया और उस पर ईंट से हमला कर दिया। जब तक वह मर नहीं गया तब तक वह ईंट मारता रहा। उसके कपड़ों और साइकिल पर भी खून लग गया था। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर कपड़े, ईंट और साइकिल कब्जे में ले ली है। बृहस्पतिवार दोपहर बाद नरेश को जेल भेज दिया गया।



