Shahjahanpur News: 4000 लोग थे परेशान, चंदा जुटाकर खुद बनवाई पुलिया
कलान। आवागमन की दिक्कत झेल रही 4000 की आबादी ने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को आईना दिखाया। ग्रामीणों ने करीब दस लाख रुपये चंदा जुटाया, फिर श्रमदान के जरिये अरिल नदी पर पुलिया बना डाली।
कलान ब्लॉक के गांव हरजूनगला और सिकंदराबाद गांव के ग्रामीण अरिल नदी पर पुलिया न होने से परेशान थे। खासतौर पर बरसात के दिनों में पानी भरने से लोगों को काफी दिक्कत होती थी। लोगों को यहां भरे पानी से ही निकलना पड़ता था। बरसात में किसी तरह से पैदल और दोपहिया सवार लोग तो निकल जाते थे लेकिन बड़े वाहन नहीं निकल पाते थे। चारपहिया वाहनों को दस किलोमीटर का फेरा लगाकर अकबरपुर गांव के रास्ते से निकलना पड़ता था। ग्रामीण काफी समय से यहां पर पुलिया बनवाने की मांग कर रहे थे। ग्रामीणों के मुताबिक कई वर्षों से लगातार शासन एवं प्रशासन को इस पुलिया के निर्माण के लिए पत्र लिखा जा रहा था। जनप्रतिनिधियों से भी पुलिया बनवाने को लेकर गुहार लगाई गई लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। सिस्टम के फरियाद न सुनने पर ग्रामीणों ने खुद ही पुलिया के निर्माण का संकल्प लिया। लोगों ने आपस में चंदा जुटाना शुरू किया। आसपास के गांव के लोगाें ने भी इसमें सहयोग किया। प्रमुख रूप से हरजूनगला के प्रधान केपी सिंह, बाराकलां गांव के प्रधान नरेंद्र शाक्य, सिकंदराबाद के प्रधान राकेश ठाकुर, प्रधान राजेंद्र सिंह यादव, बहुरन सिंह यादव, निर्वाण सिंह, रविंद्र सिंह, मास्टर राकेश, रविंद्र पाल सिंह, विकास, विकेश यादव, कमलेश यादव सुरेश सिंह, क्षेत्र पंचायत सदस्य विनीत यादव आदि लोगों ने सहयोग किया। करीब दस लाख रुपये का चंदा किया गया। इसके बाद निजी स्तर पर मिस्त्री आदि का प्रबंध कर पुलिया का निर्माण शुरू हुआ। तीन महीने में पुलिया का निर्माण पूरा कर लिया गया।
खड़ंजा निर्माण की घोषणा
सोमवार को भाजपा नेता और ब्लॉक प्रमुख रुचि वर्मा के ससुर रामगोपाल वर्मा ने हरजू नगला-सिकंदराबाद मार्ग पर बनी इस पुलिया का फीता काटकर उद्घाटन किया। रामगोपाल ने ग्रामीणों के प्रयास की सराहना की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र पंचायत निधि से लगभग 650 मीटर का खड़ंजा पुलिया पर बनवाया जाएगा। इस दौरान क्षेत्र पंचायत सदस्य सुरेश सिंह, मंडल महामंत्री राघवेंद्र मिश्रा आदि मौजूद रहे।