Budaun News: कोहरे ने बढ़ाई गलन, पारा लुढ़कने से और बढ़ेगी ठंड

शुक्रवार में कोहरे में लाइट जलाकर जाते बाइक सबार। संवाद
बदायूं। शुक्रवार को छाए घने कोहरे ने जनजीवन अस्तव्यस्त कर दिया। सुबह से कोहरे की ऐसी मार पड़ी कि लोग घरों से निकलने में भी कतराते नजर आए। ऐसे में सड़कों से लेकर बाजारों में भीड़ कम दिखाई दी। इसका असर बाजार पर भी दिखाई दिया। पूरे दिन धूप के दर्शन नहीं हुए जिससे गलन बढ़ गई। शाम होते-होते लोग फिर से घरों में दुबक गए। आने वाले दिनों में कोहरा और घना होने का अनुमान है, जिससे तापमान में भी गिरावट आएगी।
पिछले तीन चार दिनों से जमकर सर्दी पड़ रही है। कुछ दिन पहले तो हल्की धूप के दर्शन दिन में हो रहे थे लेकिन बीते बृहस्पतिवार को ठंड में काफी इजाफा हो गया। शुक्रवार को सुबह से ही कोहरे की चादर फैल गई। कोहरा इतना घना था कि वाहन चालकों को लाइटें जलाकर चलना पड़ा।
हालांकि बृहस्पतिवार की तुलना में न्यूनतम तापमान में तो अंतर नहीं आया लेकिन अधिकतम तापमान में कुछ कमी दर्ज की गई। इससे शुक्रवार को दिन में गलन ज्यादा रही। बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 22.7 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 10.7 डिग्री दर्ज किया गया तो शुक्रवार को अधिकतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस रहा। न्यूनतम तापमान में कोई बदलाव नहीं आया।
छोटे बच्चों के स्कूल तो सर्दी के कारण बंद हो चुके हैं लेकिन कक्षा आठ तथा अन्य कक्षाओं के बच्चे ठंड से ठिठुरते हुए स्कूल गए। दोपहर में भी उन्हें कोई राहत नहीं मिली और कोहरे में ही उनकी वापसी हुई। आने वाले दिनों में कोहरा और बढ़ने का अनुमान है। इससे दृश्यता में कमी आएगी तो तापमान में भी गिरावट दर्ज की जाएगी।
मौसम वैज्ञानिक डॉ. आलोक सागर गौतम के अनुसार, शनिवार को कोहरे के साथ बादल छाने के भी आसार हैं। इसके बाद बीच-बीच में धूप निकल सकती है लेकिन गलन बरकरार रहेगी। आने वाले दिनों में कोहरा और घना होगा।
–
ये रहा पिछले एक सप्ताह का तापमान
दिन अधिकतम न्यूनतम
29 दिसंबर 22.2 10.7
28 दिसंबर 22.7 10.7
27 दिसंबर 23.4 14.0
26 दिसंबर 23.0 13.9
25 दिसंबर 20.5 9.9
24 दिसंबर 24.1 9.5
24 दिसंबर 20.5 9.9
बृहस्पतिवार के मुकाबले एक्यूआई में आई कमी
बृहस्पतिवार के मुकाबले शुक्रवार को घने कोहरे के बावजूद एक्यूआई में कमी दर्ज की गई। बृहस्पतिवार को जहां एक्यूआई 149 दर्ज किया गया था वहीं शुुक्रवार को यह 105 रहा। आने वाले दिनों में एक्यूआई में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। सबसे ज्यादा एक्यूआई 161 तीन जनवरी को रहने का अनुमान है जबकि नए साल के पहले दिन यानी एक जनवरी को एक्यूआई 110 रहने के आसार हैं। डॉक्टरों के अनुसार, 100 से अधिक एक्यूआई होने पर सांस संबंधी रोगों का विशेष सावधानी रखनी चाहिए।
–
अस्पताल में आए 1123 मरीज, तीन सौ केवल सांस संबंधी
कोहरे के साथ बढ़ी सर्दी से सांस रोगियों की परेशानी बढ़ने लगी है। जिला अस्पताल में सर्दी, खांसी, बुखार के मरीज ज्यादा पहुंच रहे हैं। शुक्रवार को जिला अस्पताल में 1123 मरीजों ने पर्चा बनवाकर दवा ली। इनमें करीब तीन सौ मरीज ऐसे रहे, जिन्हें सर्दी, जुकाम के साथ सांस लेने में दिक्कत थी। मेडिकल कॉलेज में भी 1844 मरीजों ने रजिस्ट्रेशन कराकर दवा ली, जिनमें करीब पांच सौ मरीज सर्दी और सांस संबंधी बीमारी के आए। जिला अस्पताल के ईएमओ डॉ. नितिन कुमार सिंह ने बताया कि इस समय सर्दी से बचने की आवश्यकता है। जरूरत होने पर ही घर से निकलें। सांस के मरीज कोहरे और धुंध में मास्क का प्रयोग जरूर करें।
–
रोडवेज बसों में सफर हुआ मुश्किल
सर्दी में रोडवेज की बसों में यात्रा के दौरान लोगों को काफी दिक्कत आ रही है। परिवहन निगम का दावा है कि व्यवस्थाएं ठीक हैं लेकिन इससे इतर सफर के दौरान बस की खिड़कियां कब खुल जाएं कहा नहीं जा सकता। ऐसे में ठंडी हवा पूरे रास्ते परेशान करती है। कुछ बसों में पहियों के ऊपर वाली सीट के फर्श में छेद भी हैं, ऐसे में उनसे आने वाली हवा भी यात्रियों को परेशान करती है। इस समय रोडवेज में 158 बसें हैं, जिनमें 43 अनुबंधित हैं। इन बसों में करीब 35 बसें ऐसी हैं जो अपनी 15 साल की मियाद पूरी कर चुकी हैं। इनमें दिल्ली रूट में जाने वाली बसों को केवल कौशांबी तक भेजा जा रहा है। निगम की इन बसों में यात्रा काफी कष्टदायक साबित हो रही है।
आलू, सरसों, घुइया को होगा नुकसान
सर्दी का असर फसलों पर भी दिखाई देने लगा है हालांकि यह मौसम गेहूं के लिए यह फायदेमंद है लेकिन पाला नुकसान पहुंचा सकता है। जिला अधिकारी डीके सिंह के अनुसार, ऐसे मौसम में गेहूं की पैदावार बेहतर होगी, साथ ही अन्य फसलों व सब्जियों को फायदा होगा। केवल आलू, सरसों और घुइया की फसल को नुकसान है। कोहरे में आलू की फसल में पिछेती झुलसा का प्रकोप बढ़ जाता है। ऐसे में इससे बचने के लिए पहले ही इंतजाम कर लेने चाहिए। उन्होंने बताया कि इसके लिए फसल में माइक्रोजिब एन 45 का छिड़काव करना चाहिए।

शुक्रवार में कोहरे में लाइट जलाकर जाते बाइक सबार। संवाद

शुक्रवार में कोहरे में लाइट जलाकर जाते बाइक सबार। संवाद

शुक्रवार में कोहरे में लाइट जलाकर जाते बाइक सबार। संवाद