पीलीभीत

Pilibhit News: पुलिस को नहीं मिला अपहर्ताओं का सुराग

Connect News 24

बालिका को अपहृत करने के बाद चोरी का मामला

-पुलिस का दावा सीसीटीवी फुटेज उनके पास, रिक्शे में गई बालिका, चालक हिरासत में

संवाद न्यूज एजेंसी

पीलीभीत। ऑफिसर्स कॉलोनी में दिनदहाड़े अभियोजन अधिकारी की बेटी को घर से अपहृत कर ले जाने और बाद में चोरी के मामले में 24 घंटे बाद भी पुलिस किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी, अपहर्ताओं का सुराग नहीं लग सका। पुलिस ने एक रिक्शा चालक को हिरासत में लिया है। इधर अभियोजन अधिकारी ने पुलिस को तहरीर दी है।

कोतवाली क्षेत्र के नकटादाना चौराहा स्थित ऑफिसर्स कॉलोनी के क्वार्टर नंबर सी 4 में रहने वाले अभियोजन अधिकारी जगदीश प्रसाद वर्मा ने बताया कि वह बुधवार को न्यायालय में कार्य कर रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात नंबर से फोन उनके पास आया। बताया कि उनकी 10 वर्षीय पुत्री डरी सहमी बैठी है। फोन करने वाले ने उन्हें बेनहर कॉलेज के पास बुलाया।

मौके पर पहुंचे अभियोजन अधिकारी ने पुत्री से पूछा तो उसने बताया कि घर के बाहर किसी ने उसके भाई के नाम से आवाज दी। उसने बाहर आकर देखा तो वहां कोई नहीं था। जैसे ही वह घर के अंदर गई और फ्रिज से बोतल निकाली, उसी दौरान पीछे से किसी ने मुंह दबा दिया और सड़क की तरफ ले गया। वहां पहले से मौजूद एक युवक खड़ा था। दोनों में कुछ बात हुई। इसके बाद दोनों युवक उसे बेनहर स्कूल के पास छोड़कर भाग गए।

घटना के दौरान अभियोजन अधिकारी की पत्नी नहा रहीं थी। बाद में घर से 22 ग्राम सोना व छह हजार रुपये नदारद मिले। वहीं पुलिस का कहना है कि बालिका घर से सौ रुपये लेकर बेनहर स्कूल तक गई थी। उसने परचून वाले से सौ रुपये के खुुले भी करवाए थे।

घटना के विरोध में वकीलों ने किया काम

अभियोजन अधिकारी के यहां घटना को लेकर अधिवक्ता संघ में रोष देखा गया। बृहस्पतिवार को सेंट्रल बार एसोसिएशन, सिविल बार एसोसिएशन और संयुक्त बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने कोई काम नहीं किया। ऐसे में लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

पुलिस बोली- अपहरण की बात झूठी

सीओ सिटी अंशू जैन ने बताया कि अपहरण और घर से सोना ले जाने की कहानी झूठी है। सीसीटीवी फुटेज मिल गए हैं उसमें बालिका रिक्शे पर जाती दिख रही है। अपहरण जैसी कोई बात नहीं है। तहरीर पर जांच की जा रही है। देर शाम पुलिस इस मामले में मुकदमा दर्ज करने की तैयारी कर रही थी।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button