समय से पूरे कराए जाएं चुनाव संबंधी कार्य : आयुक्त
संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
Updated Sat, 13 Jan 2024 02:09 AM IST

आयुक्त सौम्य अग्रवाल अधिकारियों से जानकारी लेते हुए। स्रोत: प्रशासन
शाहजहांपुर। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर मंडलायुक्त/रोल प्रेक्षक सौम्या अग्रवाल ने अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों का जायजा लिया। मंडलायुक्त ने मतदान केंद्रों, मतदेय स्थलों का विवरण, विधानसभा क्षेत्रवार मतदाताओं का विवरण आदि की जानकारी ली। उन्होंने एनआरआई वोटर्स, तृतीय लिंग वोटर्स आदि के संबंध में भी अधिकारियों से चर्चा की।
जिला निर्वाचन अधिकारी-डीएम उमेश प्रताप सिंह ने बताया कि पुनरीक्षण अभियान में ऑनलाइन फार्म अधिक प्राप्त हुए हैं। उन्होंने बताया कि आलेख्य प्रकाशित मतदाता सूची जनपद के डीईओ पोर्टल पर उपलब्ध है। जनपद में डिस्ट्रिक्ट कांटेक्ट सेंटर 27 अक्तूबर से क्रियाशील है और टोल फ्री नंबर 1950 चल रहा है। डीएम ने बताया कि समस्त एईआरओ के काम की निरंतर मॉनीटिरिंग की गई है। इससे पुनरीक्षण का कार्य पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता व भारत निर्वाचन आयोग के सभी मानकों का पालन करते हुए निर्धारित समय से किया गया है। आयुक्त ने ददरौल विधानसभा में जोड़े गए वोटरों की पुनः जांच किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समस्त कार्य पूर्ण पारदर्शिता और समय से होना चाहिए। इस दौरान एडीएम प्रशासन संजय कुमार पांडेय, सीडीओ एसबी सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट डॉ. वेद प्रकाश मिश्रा सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।