Shahjahanpur News: 22 दिन बाद भी 10 एमवीए का ट्रांसफार्मर चालू नहीं, संकट में 11 हजार उपभोक्ता

निगोही पॉवर हाउस पर रखा गया ये ट्रांसफार्मर अभी तक शुरू नहीं हुआ। स्रोत जागरुक पाठक
शाहजहांपुर। निगोही रोड उपकेंद्र पर 20 दिसंबर को लगाए गए 10 एमवीए के ट्रांसफार्मर को अधिकारी अब तक चालू नहीं कर पाए हैं। इसके चलते आठ एमवीए का ट्रांसफार्मर ओवरलोड होने से क्षेत्र के करीब 11 हजार उपभोक्ताओं को बिजली संकट झेलना पड़ रहा है। टुकड़ों में सप्लाई मिलने से लोगों को दुश्वारियों से दो-चार होना पड़ रहा है।
भीषण गर्मी में निगोही रोड उपकेंद्र ओवरलोड होने के चलते क्षमतावृद्धि की गई थी। लिहाजा 20 दिसंबर को पांच एमवीए का ट्रांसफार्मर हटाकर 10 एमवीए का लगा दिया था। उसकी टेस्टिंग भी कर ली गई। इस बीच आठ एमवीए के ट्रांसफार्मर से क्षेत्र के चिनौर, एमईएस, पुलिस लाइन, जलालनगर, निसरजई, पंचपीर, आंशिक सतवां, रोडवेज बस अड्डा, स्टेशन रोड, भुल्लन खां की चौपाल, तारीन जलालनगर, ढाका ताल, हाथीथान, गदियाना, दिलाजाक आदि में बिजली दी जा रही थी।
बृहस्पतिवार से आठ एमवीए का ट्रांसफार्मर ओवरलोड होने के चलते हांफने लगा। इसके चलते उस पर ज्यादा लोड डालना बंद कर दिया गया। इसके चलते फीडरों को दो-दो घंटे बिजली दी जा रही है। ऐसे में उपभोक्ताओं को काफी दुश्वारियों से दो-चार होना पड़ रहा है। खास बात यह है कि 22 दिन के बाद भी नए ट्रांसफार्मर को चालू नहीं किया जा सका है। बिजली निगम के अधिकारियों की लापरवाही का खामियाजा उपभोक्ताओं को उठाना पड़ रहा है।
जेई नहीं उठा रहे कॉल, उपभोक्ता परेशान
-फीडरों को काट-काटकर सप्लाई मिलने से उपभोक्ता काफी परेशान हैं। दूसरी ओर उन्हें सही जवाब भी नहीं मिल रहा है। उपकेंद्र के अवर अभियंता अपने सीयूजी नंबर पर आने वाली कॉल ही रिसीव नहीं कर रहे हैं। ऐसे में उपभोक्ताओं में काफी नाराजगी व्याप्त है।
-आठ एमवीए का ट्रांसफार्मर ओवरलोड हो गया है। नए ट्रांसफार्मर में कुछ तकनीकी कमी के चलते उस पर लोड नहीं डाला गया है।
– बबलू कुमार, एसडीओ