2000 Rupee Note News: दो हजार के नोट बदलने में नहीं होगी परेशानी, इन बातों का जरूर ध्यान रखें

दो हजार के नोट
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
दो हजार के नोट को वापस लेने के आरबीआई के फैसले का असर घरों से लेकर बैंक और बाजार तक दिखने लगा है। तिजोरी से निकलकर गुलाबी नोट बैंक और बाजार में पहुंचने लगे हैं। बरेली में शनिवार को लोगों ने बैंक पहुंचकर दो हजार के नोट जमा किए, हालांकि माहौल सामान्य ही रहा। बैंक अधिकारियों ने बताया कि डिजिटल पेमेंट की सुविधा के चलते लेनदेन की प्रक्रिया आसान हुई है। 23 मई से दो हजार के नोट बदले जाएंगे। लोग इसे नोटबंदी से जोड़कर न देखें।
बैंक अधिकारियों के मुताबिक आम जनता के पास बहुत कम संख्या में ही दो हजार के नोट बचे हैं, इसलिए ज्यादा दिक्कत नहीं आएगी। नजदीकी बैंक में खाता न होने पर भी ग्राहक अपने नोट बदल सकते हैं। यूनियन बैंक के कर्मचारी शिवा गुप्ता ने बताया कि पहले ही दिन कई लोगों ने दो हजार के नोट जमा किए हैं।
चार माह का है समय, आराम से बदलें नोट
अग्रणी बैंक प्रबंधक के सुषमा ने बताया कि दो हजार के नोट काफी कम मात्रा में चलन में हैं। जिनके पास हैं भी, वे चार माह में आराम से इसे बदल सकते हैं। बैंक में एक दिन में दस तो बैंक प्रतिनिधि से एक दिन में चार नोट बदले जा सकेंगे। दो हजार का नोट अभी भी वैध मुद्रा है तो बाजार में भी इसे स्वीकार किया जाना चाहिए। हालांकि बैंक की ओर से ग्राहकों को दो हजार के नोट नहीं दिए जाएंगे। इन दिनों में बैंक शाखाएं भी अपने निर्धारित के अनुसार ही काम करेंगी।


