Bareilly News: अवैध संबंधों में हुई थी भाई की हत्या
हाफिजगंज। 14 मई को कस्बा स्थित श्मशान भूमि के पास एक युवक का कंकाल मिला था। कंकाल का सिर धड़ से अलग था। कपड़े और घड़ी से उसकी पहचान कस्बा निवासी सत्तार हुसैन के तौर पर हुई थी। अब परिजनों ने अवैध संबंधों में हत्या करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है।
एसएसपी को सौंपी शिकायत में अकबर हुसैन ने बताया कि भाई सत्तार हुसैन के गांव की ही रहने वाली एक महिला से संबंध थे। आए दिन वह परिजनों से झगड़ाकर महिला के घर रहने चला जाता था। 23 फरवरी को वह लापता हो गया। काफी तलाश के बाद भी उसका कुछ पता नहीं चला। गांव के कुछ लोगों ने उसे महिला के घर की ओर जाते देखा। उन्होंने गुमशुदगी दर्ज कराने के लिए हाफिजगंज थाने में शिकायतीपत्र भी दिया था।
14 मई को कस्बे के ही श्मशान स्थल के निकट एक सिर कटा कंकाल पड़ा मिला था। सूचना पर पुलिस और ग्रामीण भी गांव पहुंच गए। कपड़े और घड़ी से परिजनों ने उसकी पहचान सत्तार हुसैन के तौर पर की। उन्होंने बताया कि गांव के ही कुछ लोगों ने भाई की हत्या कर शव खेत में फेंक दिया। उन्होंने रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की। प्रभारी निरीक्षक चेतराम वर्मा ने बताया कि डीएनए जांच कराई जा रही है। रिपोर्ट आने के बाद मामले में कार्रवाई की जाएगी।



