बरेली

Bareilly News: मूक-बधिर किशोरी से दुष्कर्म, पांच दिन तक टरकाती रही पुलिस

Connect News 24

बरेली। सोलह साल की मूक-बधिर बेटी को लेकर जोगी नवादा की महिला एसएसपी दफ्तर पहुंची। उसने मोहल्ले के दबंग युवक पर बेटी से दुष्कर्म करने का आरोप लगाया। पांच दिन पुराने मामले में बारादरी थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई। जोगी नवादा चौकी पुलिस व प्रभारी थानाध्यक्ष पर मामले को लटकाने का आरोप है।

दोपहर में एसएसपी दफ्तर पहुंची महिला ने बताया कि उसके पति बीमार रहते हैं। वह भीख मांगकर परिवार पालती है। 25 मई को दोपहर बाद वह घर लौटी तो उसकी मूक-बधिर बेटी नहीं मिली। वह बेटी की तलाश में निकली तो गली के ही एक बंद मकान से कुछ आवाजें सुनीं। उसने जोर से लात मारकर दरवाजा खोला तो मोहल्ले का दबंग युवक उसकी बेटी से दुष्कर्म कर रहा था। उसे देखकर आरोपी भाग गया।

बेटी ने इशारे से बताया कि आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया है। महिला ने चौकी में शिकायत की लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। बताया कि आरोपी पहले भी लड़कियों के साथ ऐसी हरकत कर चुका है और कार्रवाई नहीं की गई। इस बार भी चौकी प्रभारी और थाने के कार्यवाहक प्रभारी उसे टालते रहे। एसएसपी से शिकायत के बाद बारादरी थाने में आरोपी गुड्डू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। इंस्पेक्टर अभिषेक सिंह ने बताया कि वह अवकाश पर थे, आते ही रिपोर्ट दर्ज करा दी है। आरोपी की गिरफ्तारी कराई जाएगी।

मंदबुद्धि किशोरी से छेड़छाड़ कर पिता को पीटा, पांच पर रिपोर्ट

बरेली। मंदबुद्धि किशोरी से छेड़छाड़ करने पर पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। सीबीगंज थाने के एक गांव निवासी लड़की के पिता ने बताया कि रविवार को उनकी सत्रह वर्षीय मंदबुद्धि बेटी शौच के लिए खेत पर गई थी। इस दौरान उसके साथ छेड़छाड़ की गई। पड़ोसी महिला ने उन्हें बताया कि गांव का कल्लू उनकी बेटी को झाड़ी के पीछे ले जाकर छेड़छाड़ कर रहा है। वह जब मौके पर पहुंचे तो कल्लू भाग गया। कल्लू की शिकायत करने पर उसके भाई अंकित, राजीव, विपिन और उसकी मां ने मारपीट कर दी। लड़की के पिता ने सभी लोगों पर सीबीगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। ब्यूरो


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button