Bareilly: मौलाना शहाबुद्दीन की जम्मू कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री को चेतावनी, मंदिर जाएंगी तो फतवा होगा जारी

ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना मुफ्ती शहाबुद्दीन रजवी
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना मुफ्ती शहाबुद्दीन रजवी ने जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती को चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि वह मुस्लिम हैं और उन्हें शरीयत का कानून, इस्लाम के नियम कानून मानने होंगे। वह बार-बार मंदिर जाकर वहां के कार्यक्रमों में शामिल हो रही हैं। ऐसा न करें, नहीं तो उलमा उनके खिलाफ फतवा जारी करने को मजबूर होंगे।
मौलाना ने कहा कि पिछले दिनों महबूबा मुफ्ती पिछले दिनों एक मंदिर गई थीं। वहां के धार्मिक कार्यक्रमों में हिस्सा लिया था। जब हमने उन्हें उनकी इस गलती का अहसास कराया तो उन्होंने शरीयत का सम्मान करते हुए जाना बंद कर दिया। मगर वह अब फिर किसी मंदिर में पहुंची और वहां के धार्मिक कार्यक्रमों में हिस्सा लिया है। हम उन्हें नसीहत दे रहे हैं कि वह आगे ऐसा न करें नहीं तो उलमा उनके खिलाफ फतवा जारी करने पर मजबूर होंगे। मौलाना ने आगे कहा कि हमें यह भी मालूम है कि वह एक राजनीतिक दल की अध्यक्ष हैं और आगे जम्मू कश्मीर में चुनाव हैं तो वह राजनीतिक लाभ लेने के लिए ऐसा कर रही हैं। मगर उन्हें हम यह बता रहे हैं कि इस्लाम ने जो सियासत का पाठ अपने अनुयायियों को पढ़ाया है, उस दायरे में रहकर सियासत करें तो बेहतर होगा।
आम मुस्लिम के सवाल पर दिया गोलमोल जवाब
मौलाना शहाबुद्दीन रजवी से जब यह पूछा गया कि वह पूर्व मुख्यमंत्री पर इसलिए फतवा जारी करने की बात कर रहे हैं कि क्योंकि वह मुस्लिम होते हुए मंदिर चली गई। ऐसे में क्या यह माना जाए यही संदेश उनकी ओर से आम मुसलमानों को भी जारी किया जा रहा है। इस पर उन्होंने गोलमोल जवाब देते हुए कहा कि अभी हम सिर्फ पूर्व मुख्यमंत्री पर बात कर रहे हैं।



