Pilibhit News: बाघ का आतंक जारी, अब सांड़ को बनाया शिकार

निगरानी के लिए कैमरा लगाती वन विभाग की टीम। संवाद
– सामाजिक वानिकी ने निगरानी बढ़ाने का किया दावा,
– न्यूरिया के मानपुर का मामला, ग्रामीणों में दहशत
संवाद न्यूज एजेंसी
न्यूरिया(पीलीभीत)। न्यूरिया के अलीगंज में दो दिन पूर्व किसान की जान लेने वाले बाघ की तीसरे दिन भी दहशत बरकरार है। बुधवार रात बाघ ने मानपुर गांव के निकट पहुंचकर खेतों में घूम रहे सांड़ को मार डाला। बृहस्पतिवार सुबह जानकारी होने पर ग्रामीणों में दहशत फैल गई।
न्यूरिया क्षेत्र के अलीगंज बरी गांव में दो दिन पूर्व जंगल से बाहर निकले बाघ ने आबादी के निकट खेत पर धान की पौध की रखवाली कर रहे किसान अशोक कुमार को हमला कर मार डाला था। घटना के बाद से ग्रामीण काफी नाराज थे। घटना के बाद सामाजिक वानिकी की ओर से तीन टीमों को लगाकर निगरानी बढ़ाने का दावा किया गया, लेकिन तीसरे दिन फिर बाघ ने घटनास्थल से आधा किलोमीटर की दूरी पर स्थित मानपुर गांव की सीमा में पहुंचकर सांड़ को मार डाला।
बृहस्पतिवार सुबह खेतों में पहुंचे ग्रामीणों को घटना की जानकारी हुई। सूचना के बाद सामाजिक वानिकी के डिप्टी रेंजर शेर सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे। बाघ के पगचिह्न ट्रेस कर निगरानी बढ़ाई गई। ग्रामीणों ने बताया कि बाघ ने गांव पंडरी निवासी मदनलाल के गन्ने के खेत में सांड़ को मारा। बाघ कि क्षेत्र में लगातार सक्रियता बनी हुई है।
000
अलीगंज और मानपुर में लगाए गए छह कैमरे
हमलावर बाघ पर नजर रखने के लिए वन विभाग की ओर से निगरानी में गंभीरता बरतने का दावा किया जा रहा है। क्षेत्रीय टीमों के अलावा अलीगंज और मानपुर गांव की सीमा में बाघ की सक्रियता को ट्रेस करने के लिए छह कैमरे लगाए गए हैं। कैमरों को हर 24 घंटे में चेक करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा वन विभाग ने एडवाइजरी भी जारी की है। ग्रामीणों को सतर्क रहने को कहा गया है।
ये बरतें सावधानी
– खेतों में जब भी जाएं तो लाठी-डंडा लेकर जाएं।
– रात में टाॅर्च, लैंप, मशाल आदि रोशनी वाली चीज लेकर निकलें।
– जहां तक संभव हो चार-छह लोग इकट्ठा होकर ही जाएं।
– काम करते समय आसपास शोर करते रहे। एक-दूसरे को आवाज देते रहें।
– खेतों में बाध, तेंदुए के पगचिह्न दिखने पर तत्काल वन विभाग को सूचना दें, खेत में अंदर न जाएं।

निगरानी के लिए कैमरा लगाती वन विभाग की टीम। संवाद



